वाशिंगटन. आतंकवाद और आर्थिक संकट के सबसे बुरे दौर से गुजर रहे पाकिस्तान को प्रथम दस विफल राष्ट्रों की सूची में दसवें स्थान पर रखा गया है। अमेरिका की ख्याति प्राप्त पत्रिका ‘फॉरेन पालिसी’ द्वारा जारी इस सूची में भारत 87वें स्थान पर है। हालांकि गत वर्ष के मुकाबले भारत की स्थिति में काफी सुधार आया है। 177 राष्ट्रों की इस सूची में भारत के पड़ोसी श्रीलंका को 12वां, बांग्लादेश को 19वां और नेपाल को 25वां स्थान दिया गया है।
पत्रिका के जुलाई-अगस्त अंक में प्रकाशित इंडेक्स फॉर 2009 में पाकिस्तान को सूडान, अफगानिस्तान और सोमालिया जैसे राष्ट्रों के साथ रखा गया है। पाकिस्तान को पिछले वर्ष इस सूची में नौवां स्थान हासिल हुआ था। पांचवां वार्षिक ‘विफल राष्ट्र इंडेक्स’ फंड फॅार पीस नामक संगठन के साथ मिलकर तैयार किया गया है, जो स्वतंत्र शोध संगठन है।
क्या हैं कारक
पत्रिका ने सूची तैयार करने में जनसंख्या दबाव, असमान विकास, आर्थिक गिरावट, शरणार्थी समस्या, मानवाधिकार और बाहरी हस्तक्षेप जैसे कारकों को ध्यान में रखा था।
मौत का अनुभव
पत्रिका ने कहा, ‘आतंकवाद से घिरे पाकिस्तान के लिए आर्थिक संकट मौत के अनुभव के समान है। यह राष्ट्र अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की मदद पर खड़ा है।’
प्रथम दस नाकाम राष्ट्र
1. सोमालिया
2. जिम्बाब्वे
3. सूडान
4. चाड
5. डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो
6. इराक
7. अफगानिस्तान
8. सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक
9. गिनी
10. पाकिस्तान
बेहतर रहा इनका प्रदर्शन
1. नार्वे
2. फिनलैंड
3. स्वीडन
4. स्विट्जरलैंड
5. आयरलैंड
6. डेनमार्क
7. न्यूजीलैंड
8. आस्ट्रेलिया
9. नीदरलैंड