मुंबई. टाटा मोटर्स ने रविवार को अपने सबसे आलीशान ब्रांड जगुआर और लैंड रोवर (जेएलआर) भारत में लांच किए। कंपनी ने पिछले वर्ष ही फोर्ड मोटर्स से इन ब्रिटिश ब्रांडों का अधिग्रहण किया है। कंपनी का दावा है कि आरामदायक ड्राइविंग के शौकीन लोगों को इनके आकर्षक फीचर्स जरूर पसंद आएंगे। कंपनी ने कहा है कि ये वाहन बेहतरीन तकनीक के चलते अपना एक अलग मुकाम बनाएंगे।
प्रमुख शहर और सीमित संख्या
जगुआर के एमडी माइक ओड्रिसकॉल ने बताया कि फिलहाल मुंबई में इन ब्रांड्स की लांचिंग की गई है। कंपनी इन्हें मिले रिस्पांस की समीक्षा करेगी। उसके आधार पर इन्हें देश के अन्य प्रमुख शहरों में बेचा जाएगा। हालांकि शहरों का चयन किया जाना अभी बाकी है। लैंड रोवर के एमडी फिल पोफम ने बताया कि ये प्रीमियम ब्रांड्स हैं, इसलिए मांग के अनुसार इन्हें सीमित संख्या में ही उपलब्ध कराया जाएगा। जल्द ही छह प्रमुख शहरों में इनके डीलर्स नियुक्त कर दिए जाएंगे।
घाटा उठाना पड़ा
यह लांचिंग इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि 2008 में जेएलआर का अधिग्रहण करने के बाद टाटा मोटर्स की माली हालत बिगड़ गई थी। वैश्विक वित्तीय संकट के दौरान ऑटो सेक्टर में आई गिरावट के चलते कंपनी को वर्ष 2008-09 में 2,505.25 करोड़ रुपए का घाटा उठाना पड़ा था। कंपनी ने 2.3 अरब डॉलर में इन ब्रांड्स का अधिग्रहण करके अंतरराष्ट्रीय ऑटो उद्योग में तहलका मचा दिया था।
लोन के लिए बातचीत
मुश्किल आर्थिक हालात का सामना कर रही जेएलआर ब्रिटिश सरकार से लोन गारंटी पर बातचीत कर रही है। उसे उम्मीद है कि जल्द ही कोई सकारात्मक हल निकल आएगा। कंपनी को वर्ष 2008-09 में 1777.35 करोड़ रुपए का घाटा उठाना पड़ा है।
जगुआर की खासियत
एक्सएफ (बेस मॉडल) : 4196 सीसी का दमदार इंजन, आठ सिलेंडर, शहर में 6 से 7 किमी प्रति लीटर का एवरेज, 195 किमी प्रति घंटा की उच्चतम रफ्तार, करीब 70 लीटर की टंकी।
एक्सकेआर (कूपे मॉडल) : शहर में 6 से 6.50 किमी प्रति लीटर का एवरेज, 71 लीटर का टैंक, 250 किमी प्रति घंटा उच्चतम रफ्तार।