रानी मुखर्जी और राखी सावंत एक साथ यशराज की फिल्म ‘दिल बोले हड़िप्पा’ में आइटम सांग करेंगी। इसके लिए दोनों ही ने जोर-शोर से तैयारियां शुरू कर दी हैं। ‘भांगड़ा बिस्तर’ बोल वाले इस गीत को स्वर दिया है सुनिधि चौहान और एलिशा चिनाय ने।
यहां यह नहीं भूलना चाहिए कि इन दिनों गायिकाओं को यशराज फिल्म्स अपने लिए सौभाग्यशाली मानता है। फिल्म ‘धूम’ का शीर्षक गीत और फिल्म ‘बंटी और बबली’ के ‘कजरारे’ की लोकप्रियता के बाद से तो बैनर की यह धारणा और भी मजबूत हुई है। इसी वजह से वह रानी मुखर्जी की केंद्रीय भूमिका वाली इस फिल्म में भी इनसे आइटम गीत करा रहा है।
बताते हैं कि रानी ने इस गीत के लिए अपनी फिटनेस पर खासा ध्यान दिया है। यही नहीं, वह इस गीत को एक चुनौती के रूप में ले रही हैं, क्योंकि राखी सावंत इंडस्ट्री की आइटम गर्ल के रूप में शुमार होती हैं और उनके साथ नृत्य करते हुए रानी कमजोर नहीं पड़ना चाहती हैं।
सूत्र से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ‘फिल्म ‘दिल बोले हड़िप्पा’ के अधिकांश दृश्यों में रानी मुखर्जी पुरुष वेश में ही दिखाई पड़ेंगी। ऐसे में निर्माता को यह विचार सूझा कि क्यों न रानी पर ‘विक्टोरिया नंबर 203’ में सायरा बानो पर फिल्माया ‘थोड़ा सा ठहरो’ सरीखा गीत फिल्माया जाए। इसके बाद ही आइटम नंबर की योजना बनी और राखी को इसमें शामिल किया गया।’