नई दिल्ली. ओलिंपिक पदक विजेता भारतीय पहलवान सुशील कुमार ने जर्मन ग्रांप्री फ्रीस्टाइल एंड ग्रीको रोमन कुश्ती प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता है। भारत ने रविवार को संपन्न इस प्रतियोगिता में दो स्वर्ण सहित कुल पांच पदक जीते हैं।
जर्मनी के डॉर्टमंड में आयोजित प्रतियोगिता में सुशील कुमार ने 66 किग्रा. भार वर्ग की फ्रीस्टाइल कुश्ती में स्वर्ण पदक झटका। इस उपलब्धि से उन्होंने थाईलैंड की कुश्ती प्रतियोगिता में ‘ओवर वेट’ होने के चलते बाहर हो जाने की निराशा को भुला दिया।
राहुल ने भी जीता स्वर्ण :
प्रतियोगिता में भारत के लिए दूसरा स्वर्ण राहुल बालासाहेब अवारे ने जीता। वे 55 किग्रा. भार वर्ग की फ्रीस्टाइल कुश्ती में अव्वल रहे। 120 किग्रा. भार वर्ग की फ्रीस्टाइल कुश्ती में राजीव तोमर को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। रविंदर सिंह (60 किग्रा.) ने ग्रीको रोमन और रमेश कुमार (74 किग्रा.) ने फ्रीस्टाइल कुश्ती में कांस्य पदक जीता।