लंदन. ‘किंग ऑफ पॉप’ माइकल जैक्सन की लीक पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि वे पिछले कई दिनों से बेहद कम भोजन कर रहे थे और उनका शरीर हड्डियों का ढांचा बन चुका था। मृत्यु के वक्त उनके पेट में खाने के अंश नहीं, बल्कि सिर्फ गोलियां थीं।
ब्रिटिश अखबार का खुलासा
‘द सन’ द्वारा प्रकाशित विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, जैक्सन गंजे हो चुके थे और उनकी पसलियां टूटी हुई थीं। उनके कूल्हे, जांघों व कंधे पर सुई लगने के घाव थे। माना जा रहा है कि इन सुइयों का इस्तेमाल मादक दर्द निवारक दवाओं को शरीर में इंजेक्ट करने के लिए किया गया होगा। यह दवाएं पिछले कई वर्र्षो से उन्हें दिन में तीन बार दी जा रही थीं।
ऐसे रुकी हृदयगति
जैक्सन की अकस्मात मृत्यु के कारणों का पता लगाने में जुटे विशेषज्ञों को गुरुवार को ये तथ्य पता चल गए थे। परीक्षण से साफ है कि माइकल बेहद कमजोर हो गए थे। वे दिन में महज एक बार ही भोजन कर रहे थे, वह भी बेहद कम मात्रा में। पैथोलॉजिस्ट ने पाया कि मौत के वक्त उनका पेट बिल्कुल खाली था। उसमें सिर्फ आंशिक घुली हुई गोलियां थीं, जो उन्होंने दर्दनिवारक इंजेक्शन से पहले ली थीं। जिनके चलते उनकी हृदयगति रुक गई थी।
बचाने की कोशिश में टूटी पसलियां
एक अखबार के मुताबिक, दिल का दौरा पड़ने के बाद जैक्सन की छाती को पंप करने के कारण उनकी पसलियां टूट गई थीं। उनके हृदय के पास या ऊपरी हिस्से में चार इंजेक्शन लगने के निशान थे। इससे पता चलता है कि उन्हें बचाने के लिए एड्रेनेलाइन को उनके हृदय तक पहुंचाने के प्रयास किए गए थे। इनमें तीन ने हृदय की दीवार भेद कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया था, जबकि चौथा उनकी पसलियों से टकराया था।
विग पहनते थे
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दावा किया गया है कि माइकल मौत के वक्त विग पहने हुए थे। बाएं कान के ऊपरी हिस्से से वे एकदम गंजे थे। कहा जाता है कि यह १९८४ में पेप्सी के विज्ञापन की शूटिंग के दौरान हुए हादसे का परिणाम था।
प्लास्टिक सर्जरी के निशान
यह भी पता चला है कि जैक्सन के चेहरे पर प्लास्टिक सर्जरी के कई निशान थे, जबकि उनकी नाक की हड्डी लगभग गायब हो चुकी थी। घुटनों के आसपास खरोंच के निशान थे।
पोस्टमार्टम से हुआ खुलासा
- जैक्सन का शरीर हड्डियों का ढांचा हो गया था
- वे बेहद कम खुराक ले रहे थे
- उनके बाल झड़ गए थे
- मौत के वक्त उनके पेट में घुली हुई गोलियां थीं
- शरीर में कई जगह इंजेक्शन के निशान थे
- चेहरे व शरीर को प्लास्टिक सर्जरी से नुकसान पहुंचा था
धीमी नब्ज चल रही थी
डॉक्टरों ने माइकल जैक्सन को जब पलंग पर लेटा पाया था तब उनका शरीर गर्म था और उनकी नब्ज बेहद धीमी गति से चल रही थी। हालांकि वे सांस नहीं ले रहे थे। यह कहना है जैक्सन के डॉक्टर कोनरैड मरे के वकील एडवर्ड शेर्नाफ का। शेर्नाफ ने बताया कि उनके मुवक्किल ने कभी भी डेमरॉल या ऑक्सीकॉंटिन जैक्सन को लगाने की सलाह नहीं दी थी।
डॉक्टर को क्लीन चिट
माइकल जैक्सन के कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. कोनरैड मरे की प्रवक्ता ने बताया कि जांचकर्ताओं ने उन्हें संदेह के घेरे से बाहर कर दिया है। उनका इस्तेमाल सिर्फ एक गवाह के तौर किया जाएगा। उन्होंने पूछताछ के दौरान पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण बातों से भी अवगत कराया है। ‘लॉस एंजेलिस टाइम्स ऑनलाइन’ ने यह जानकारी दी है।
हालात सामान्य होने चाहिए
जैक्सन परिवार माइकल के तीनों बच्चों प्रिंस माइकल (12), पेरिस कैथरीन (11) और प्रिंस माइकल द्वितीय (7) के लिए हालात सामान्य बनाने के प्रयास कर रहा है। माइकल के पिता ने कहा कि वे ‘पॉप स्टार’ की मृत्यु के हालात को लेकर बेहद चिंतित हैं, लेकिन वे अब इसमें उलझना नहीं चाहते।
जैक्सन को श्रद्धांजलि
अफ्रीकी-अमेरिकी व अन्य अल्पसंख्यक प्रतिभाओं को सम्मानित करने वाले बीईटी अवार्ड में इस बार ‘पॉप किंग’ माइकल जैक्सन की श्रद्धांजलि दी गई। उनकी बहन जेनेट जैक्सन समेत तमाम शीर्ष अश्वेत कलाकारों ने उन्हें याद किया। उनके गाने गाए व उन जैसी पोशाक पहनकर उनके एलबम्स की धुनों पर नृत्य पेश किया।