मुंबई. बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार को मलेरिया के इलाज के लिए रविवार को लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के डॉक्टर जलील पारकर ने बताया कि दिलीप कुमार को शनिवार रात से ही तेज बुखार था और उन्हें सांस लेने में भी परेशानी आ रही थी।
मलेरिया की पुष्टि होने के बाद परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया, हालांकि उनकी हालत चिंताजनक नहीं है। फिर भी डॉक्टर उनके स्वास्थ्य पर निगरानी रखे हुए हैं। उल्लेखनीय है कि दिलीप कुमार को पिछले वर्ष मूत्र संबंधी संक्रमण के कारण दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था।