शाहिद कपूर और प्रियंका चोपड़ा स्टारर विशाल भारद्वाज की आने वाली फिल्म ‘कमीने’ में आप एक सरप्राइज के लिए तैयार हो जाइए। इस फिल्म में विशाल बंगालियों की पारंपरिक छवि से उलट नकारात्मक छवि पेश कर रहे हैं। फिल्म के जरिए वह बताएंगे कि मुंबई अपराध जगत में बंगाली माफिया का क्या रोल है।
फिल्म से जुड़े एक सूत्र का कहना है, ‘यह फिल्म बंगाली माफिया के काम करने के अंदाज को जाहिर करेगी। अपनी पिछली फिल्मों की तरह इस फिल्म में भी विशाल ने कुछ नया पेश करने की कोशिश की है। इसमें सबसे ज्यादा दिलचस्प तो उनके द्वारा चुने गए नए बंगाली कलाकार हैं। अंडरवर्ल्ड के गुर्गो के किरदार के लिए विशाल ने ऐसे बंगाली कलाकारों का चयन किया है, जिनकी पृष्ठभूमि थिएटर की रही है।’
इस फिल्म में चंदन रॉय सान्याल, देबू मुखर्जी और राजावता दत्ता ऐसे कुख्यात लोगों का किरदार निभा रहे हैं, जो संदिग्ध कारोबार में लिप्त रहते हैं। खबरों के मुताबिक पिछले कुछ वर्षाे में मुंबई शहर की कुछ जघन्य वारदातों में बंगाली मुख्य रूप से शामिल रहे हैं और अब अपराध जगत में इनका दबदबा बढ़ गया है। धार्मिक विभेद के चलते कई दंगों के साक्षी रहे मुंबई शहर में बेहतर जीवन की तलाश में प्रतिदिन लोग पहुंचते हैं, जिनमें बंगाली भी शामिल होते हैं।
‘कमीने’ में काम करे रहे कलाकार चंदन और राजावता के लिए हिंदी सिनेमा का यह पहला अनुभव है और फिल्म को लेकर वे बेहद उत्साहित हैं। फिल्म में चंदन, शाहिद कपूर के मित्र बने हैं। विशाल कहते हैं, ‘फिल्म में बंगाली पात्रों को रचने की कोई खास वजह नहीं थी।
लेकिन मैं हिंदी फिल्मों में पारंपरिक महाराष्ट्रियन डॉन नहीं चाहता था। मुंबई के अपराध जगत से हर क्षेत्र के लोग जुड़े हैं। हम दिलचस्प किरदार चाहते थे और चंदन, देबू और राजावता ने फिल्म में संदिग्ध कारोबार से जुड़े बंगालियों का किरदार निभाया है।’