वडोदरा.
खबरों का बाजार गर्म है कि टीम इंडिया के गेंदबाज इरफान पठान क्लीन बोल्ड हो गए हैं। दुनिया के कई बल्लेबाजों को अपनी गेंदो से बोल्ड करने वाले इरफान को शिवांगी नाम की एक लड़की ने बोल्ड कर दिया है। खैर इरफान को तो सभी जानती हैं लेकिन अब लोग शिवांगी को भी जानना चाहते हैं कि आखिर कौन है ये लड़की जिसने इस हरफनमौला खिलाडी का दिल चुरा लिया है।
पेशे से चार्टर्ड आकउंटेंट हैं शिवांगी
शिवांगी देव ऑस्ट्रेलिया में रहती हैं और पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेट है। इसके अलावा उन्हें डांस पसंद है और वे एक डांसिंग स्कूल में बच्चों को डांस भी सिखाती हैं।
कब हुई मुलाकात
6 साल पहले यानी 2003 में इरफान की मुलाकात शिवांगी देव से कैनबरा में हुई थी। उस वक्त एक अभ्यास मैच के दौरान पहली बार इरफान और शिवांगी की नजरें लड़ी थीं। बताया जा रहा है कि शिवांगी ऑस्ट्रेलिया में भारतीय राजनयिक वीरेंद्र देव की बेटी हैं।
ऐसे आए सुर्खियों में
इरफान-शिवांगी का रिश्ता 2007 में सुर्खियों में आया जब शिवांगी खासतौर पर इरफान का मैच देखने वडोदरा पहुंची। जनवरी 2007 की सुबह स्टेडियम में बॉन्ड्री लाइन पर बैठी एक युवती इरफान को एक टक देखे जा रही थी। उसके हर शॉट पर खुशी से झूम उठती और हर गेंद के बाद दिल धड़कने लगता। उस वक्त इरफान उत्तर प्रदेश की टीम के खिलाफ रणजी मैच खेलने उतरे थे और अपनी फॉर्म को पाने का प्रयास भी कर रहे थे।
इरफान की नजरे भी हर गेंद के बाद स्टेडियम में बैठी उस युवती से जा मिलती थीं। वह युवती कोई और नहीं बल्कि इरफान के गर्लफ्रेंड शिवांगी देव ही थीं। इसे शायद शिवांगी की प्रेरणा ही कहेंगे कि उस मैच में इरफान अपनी लय में लौटे और 82 रनों की शानदार पारी खेल अपनी टीम को जीत दिला दी।
जब इरफान ने मांगी बीसीसीआई से छुट्टी
अब तक दोनों की दोस्ती तो काफी पुरानी हो चुकी थी और हर कोई दबी जुबान में इनके बारे में बात भी कर रहा था, लेकिन इरफान ने बीसीसीआई से कुछ दिनों की छुट्टी की मांग शक को यकीन में बदल दिया।
पिछले साल में मार्च में ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर गई टीम इंडिया तो नियम कार्यक्रम के तहत लौट आई लेकिन इरफान में पर्सनल काम के लिए कुछ दिनों पर देश लौटने की बात कहकर बीसीसीआई से छुट्टी ली।
सूत्रों के अनुसार उस वक्त शिवांगी के पापा वीरेंद्र देव ने इरफान को डिनर के लिए आमंत्रित किया था। साथ ही इरफान भी शिवांगी के साथ कुछ समय गुजारना चाहते थे।
पहले इरफान या यूनुस
इरफान का कहना है कि घरवालों ने उनके और शिवांगी के रिश्ते को मंजूरी दे दी है। हालांकि शादी होने में अभी वक्त है लेकिन यह पारंपरिक तरीके से वडोदरा में ही होगी। मगर इरफान के घरवालों का कहना है कि इरफान से पहले बडे भाई यूनुस पठान की शादी होगी।
चलिए थोड़ा और इंतजार ही सही लेकिन इरफान को अपने सपनों की रानी तो मिल ही गई।
संबंधित खबरें
* इरफान पठान हुए बोल्ड, जल्द रचाएंगे शादी