पिछले दिनों राम गोपाल वर्मा बेहद मुश्किल दौर से गुजरे। उनकी अगली फिल्म ‘अज्ञात’ की अभिनेत्री प्रियंका कोठारी और उनकी डुप्लीकेट दोनों ही एक महत्वपूर्ण सीन की शूटिंग करते हुए अपना टखना तुड़वा बैठीं। यूनिट के एक सदस्य के मुताबिक फिल्म ‘अज्ञात’ के लिए एक महत्वपूर्ण सीन फिल्माया जा रहा था।
सीन जरा मुश्किल था और इसकी शूटिंग करते हुए प्रियंका का टखना टूट गया। ऐसे में दर्द से कराह रही प्रियंका को आराम देना बहुत जरूरी था। प्रियंका खुद नहीं चल पा रही थीं और उन्हें दूसरों की मदद से चलवाना खतरनाक हो सकता था, लिहाजा सेट पर तुरंत डॉक्टरों को बुलवाया गया, जिन्होंने प्रियंका को पूर्ण आराम की सलाह दी।
सूत्र ने आगे बताया कि दुर्घटना के कारण आए इस छोटे से ब्रेक के बाद शूटिंग के उस शेड्यूल को पूरा करना जरूरी था। इसलिए यूनिट ने डुप्लीकेट की सेवाएं लेना बेहतर समझा। लेकिन लगता है कि उस सीन के साथ कुछ दुर्भाग्य जुड़ा हुआ था। जैसे ही प्रियंका की डुप्लीकेट ने इस सीन की शूटिंग शुरू की, उसका टखना भी टूट गया और वह दर्द से कराह उठी। ऐसे में उसके साथ भी सीन पूरा नहीं हो पाया।
प्रियंका को जब रामू की परेशानी और शूटिंग शेड्यूल के गड़बड़ाने की बात पता चली, तो उन्होंने टूटे टखने के साथ ही काम करने का जोखिम भरा निर्णय लिया। सूत्रों की मानें तो प्रियंका ने घायल होने के बावजूद खुद कमान संभालते हुए उस सीक्वेंस को बखूबी पूरा किया। प्रिंयका की इस कोशिश से रामू भी खुश हो गए।
रामू ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया, ‘यह सही है कि शूटिंग के दौरान टखना टूटने से प्रियंका बेहद दर्द में थीं, लेकिन अपने डुप्लीकेट के घायल होने के बाद उन्होंने खुद ही सीन पूरा करने का फैसला किया।’