
वाशिंगटन. ‘किंग ऑफ पॉप’ माइकल जैक्सन की कथित वसीयत के मुताबिक उनकी मां कैथरीन जैक्सन और उनके तीन बच्चे उनकी विशाल संपत्ति के मालिक होंगे। वसीयत में जैक्सन के पिता जोए जैक्सन के नाम पर कुछ नहीं है। इस बीच, कैथरीन को कोर्ट ने पॉप सितारे के तीन बच्चों की देखरेख की जिम्मेदारी 3 अगस्त तक के लिए अस्थायी रूप से दे दी है। इसके बाद वे स्थायी संरक्षक के लिए अपना दावा पेश कर सकेंगी।
अखबार ‘वॉल स्ट्रीट जर्नल’ की खबर के मुताबिक जैक्सन के पुराने वकील जॉन ब्रांका ने पॉप सितारे की वसीयत होने का दावा किया है। हालांकि जेक्सन परिवार के मौजूदा वकील एल लोंडेल मैकमिलन ने कहा है कि परिवार ने वसीयत को नहीं देखा है, न ही हमारे सामने किसी ने यह वसीयत पेश की है।
कौन हैं ब्रांका
ब्रांका 1980 से 2002 के बीच जैक्सन के वकील रहे थे। उन्होंने वसीयत की जानकारी देते हुए दावा किया है कि माइकल ने मौत के एक हफ्ते पहले फिर से उसे अपना वकील बनाया था। ब्रांका गुरुवार को लॉस एंजिलिस कोर्ट में यह वसीयत पेश कर सकते हैं, जो वर्ष 2002 की बताई गई है।
कितनी है संपत्ति
खबर के मुताबिक माइकल पर 50 करोड़ डॉलर (2,395 करोड़ रुपए) का कर्ज है, लेकिन अनुमान है कि उनकी संपत्ति इससे कहीं अधिक करीब 70 करोड़ डॉलर (3,353 करोड़ रुपए) है।
पिता को कुछ नहीं
माइकल जैक्सन के अपने पिता जो जैक्सन से संबंध सामान्य नहीं थे। उन्होंने वसीयत में उनके लिए कुछ नहीं छोड़ा है। जैक्सन का बचपन मुश्किलों में बीता और वे खुलकर अपने पिता पर बचपन में परेशान करने का आरोप लगाते थे। लेकिन माइकल के पिता जो जैक्सन ने कहा है कि उन्हें और कैथरीन को माइकल की ओर से काम करने का कानूनी हक है। उसके बच्चों पर भी उनका हक है।हालांकि दो बड़े बच्चों पर माइकल की पूर्व पत्नी डेबी रोव भी अपना दावा पेश कर सकती है। इसके अलावा सबसे छोटे बच्चे प्रिंस पर दावे के लिए उसकी सरोगेट मां भी सामने आ सकती है जो कि अब तक परदे के पीछे रही है।
हर माह लाखों रुपए की दवाइयां लेते थे जैक्सन
लंदन के सन आनलाइन के मुताबिक जैक्सन हर माह डॉक्टर की सलाह पर करीब 30000 पाउंड (23.84 लाख रुपए) दवाओं पर खर्च करते थे। कई तरह की समस्याओं के कारण वे पूरी तरह दवाओं पर निर्भर हो गए थे। जैक्सन परिवार के वकील ब्राएन ऑक्समैन ने कहा है कि इस जानकारी से परिवार के सदस्यों को सदमा लगा है और वे दवाओं की मात्रा को लेकर जांच कराना चाहते हैं। गोपनीयता बरतते हुए ये दवाएं ओमर एडम के नाम से खरीदी जाती थीं।
जैक्सन के कार्यक्रमों के टिकट वापस होंगे
माइकल के कमबैक टूर के तहत अगले माह दुनिया भर में आयोजित होने वाले ‘दिस इज इट’ कार्यक्रम के अब तक बिके सभी टिकटों की धनराशि वापस कर दी जाएगी। जुलाई में होने वाले इस कार्यक्रम की 7,50,000 से अधिक टिकट बिक चुके थे।
संबंधित खबरें
* जैक्सन के शरीर पर थे हजारों छेद, पेट में दवाएं
* माइकल जैक्सन के शव का फिर से पोस्ट मार्टम
* और गहराता जा रहा है जैक्सन की मौत पर रहस्य
* रहस्य में घिरा रहा माइकल जैक्सन का व्यक्तित्व
* जैक्सन का यादगार भारत दौरा
* जैक्सन का शव परिवार को सौंपा गया
* .... तो क्या मॉरफीन के कारण हुई जैक्सन की मौत ?
* सोनाली बेंद्रे ने उतारी थी माइकल जैक्सन की आरती
* क्या करेंगे जैक्सन के बच्चे?
* जैक्सन को हैवी डोज देने वाला डॉक्टर गायब