लंदन. विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के महिला वर्ग में विलियम्स बहनों के अलावा विश्व नंबर एक साफिना और चौथी वरीयता प्राप्त एलेना दिमेंतिएवा ने अपने-अपने प्रतिद्वंदियों को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। साफिना ने सबीन लिसिकी को 6-7 5-7, 6-4, 6-1 से, सेरेना ने विक्टोरिया अजारेंका को 6-2, 6-3 से, और दिमेंतिएवा ने फ्रांसिस्को शियावोने को 6-2, 6-2 से हराकर सेमीफाइनल की राह पकड़ी। सेमीफाइनल में वीनस का मुकाबला साफिना से होगा, जबकि सेरेना भिड़ेंगी दिमेंतिएवा से।
इससे पूर्व 5 बार की चैंपियन अमेरिका की वीनस विलियम्स ने पोलैंड की एग्निस्का राडवानस्का को सीधे सेटों में 6-1, 6-2 से पराजित किया। पहला सेट महज 27 मिनट में 6-1 से जीतने के बाद वीनस को दूसरे सेट में थोड़ा संघर्ष करना पड़ा लेकिन राडवानस्का वीनस की राह अधिक देर तक न रोक सकीं और 41 मिनट की मशक्कत में सेट गंवा दिया। वीनस ने दमदार पहली सर्विस पर 25 में से 20 मौकों पर यानी 80 प्रतिशत अंक बनाए वहीं राडवानस्का 40 में से 17 बार यानी 43 प्रतिशत ही अंक जुटा सकी।
दूसरी सर्विस पर भी विलियम्स राडवानस्का पर भारी पड़ी और उन्होंने 13 में से 8 मौकों पर यानी 62 प्रतिशत अंक जुटाए जबकि पोलैंड की खिलाड़ी ने 17 में से महज 8 बार यानी 47 प्रतिशत अंक जुटाने में कामयाब रहीं।
कालरेविक ने किया उलटफेर
क्रोएशिया के इवो कालरेविक ने स्पेन के फर्र्नाडो वर्दास्को को 7-6, 6-7, 6-3, 7-6 से हराकर उलटफेर कर दिया। कालरेविक से 7वीं वरीयता प्राप्त वर्दास्को ने मैच बचाने के लिए कड़ा संघर्ष किया लेकिन वे अपनी हार नहीं टाल सके। कालरेविक ने पहला सेट टाईब्रेकर में अपने नाम किया। लेकिन वे दूसरे सेट में वर्दास्को के हाथों सेट 6-7 से गंवा बैठे। हालांकि तीसरे सेट में कालरेविक ने जोरदार वापसी करते हुए सेट 6-3 से अपने नाम कर लिया। चौथे सेट को वर्दास्को टाईब्रेकर तक खींचने में सफल रहे लेकिन कालरेविक ने अंतत: 7-6 से अपने नाम करते हुए मैच जीत लिया।




