शबाना का समर्पण
एजेंसी. Wednesday, July 01, 2009 13:53 [IST]  

Shabana शबाना आजमी हमेशा से अपने किरदार को गहराई से जीने के लिए जानी जाती हैं। पिछले दिनों उन्होंने गुरिंदर चड्ढा की फिल्म ‘इट्स ए वंडरफुल आफ्टरलाइफ’ के लिए अपना 30 पौंड वजन बढ़ाया, लेकिन वह मानती हैं कि 58 की उम्र में ऐसा करके उन्होंने अपनी सेहत के लिए काफी खतरा मोल लिया है। खासतौर पर इसलिए भी क्योंकि यह उम्र सेहत के हिसाब से काफी नाजुक होती है।

शबानी कहती हैं, ‘मैं महसूस कर रही हूं कि इस उम्र में वजन बढ़ाकर मैंने कोई समझदारी का काम नहीं किया है। इस तरह का प्रयोग मैंने फिल्म ‘मंडी’ के लिए भी किया था, लेकिन यह 30 वर्ष पुरानी बात है। इस बार वजन बढ़ने का मेरी सेहत पर असर पड़ा है।

मेरा कॉलेस्ट्रॉल स्तर तेजी से बढ़ गया है और वजन कम करने के लिए मुझे दोगुना वर्क आउट करना पड़ रहा है।’ बहरहाल शबाना ने शूटिंग खत्म होने के बाद अपना 5 पौंड वजन घटा लिया है।

हालांकि इस कदम को सही ठहराते हुए वह कहती हैं, ‘फिल्म में गुरिंदर मुझे वजनी दिखाने के लिए पैडिंग लगाकर काम नहीं चला सकती थीं, क्योंकि मेरा चेहरा छोटा है। लिहाजा वजन बढ़ाना मेरे लिए जरूरी था।’ शूटिंग के दौरान शबाना को कई शारीरिक परेशानियों से भी गुजरना पड़ा।

उन्होंने बताया, ‘मेरी कमर पहले से ही समस्या बनी हुई थी, बढ़े वजन ने इसे बदतर स्थिति में पहुंचा दिया। मैं बेहद दर्द में थी और लगातार डॉक्टर से मिलती रही। उनका कहना था कि जितना जल्दी हो सके वजन कम करें, लेकिन शूटिंग खत्म होने से पहले यह नामुमकिन था।’

शूटिंग के दौरान लंदन में अकेली रहीं शबाना कई बार दवा लेना भी भूल जाती थीं, जिससे तकलीफ बढ़ती गई। वैसे इसे ही कहते हैं काम के प्रति समर्पण।

Bookmark and Share


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: