National
जेब पर प्रहार : पेट्रोल चार, डीजल दो रुपए महंगा
भास्कर नेटवर्क Thursday, July 02, 2009 00:10 [IST]  

नई दिल्ली. देश में बुधवार आधी रात से पेट्रोल प्रति लीटर चार रुपए और डीजल प्रति लीटर दो रुपए महंगा हो गया है। केरोसिन व रसोई गैस के दामों में किसी प्रकार की बढ़ोतरी नहीं की गई है। जानकारों का कहना है कि पेट्रोल-डीजल के दामों में वृद्धि से आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में उछाल आ सकता है।

कच्चे तेल की कीमतों का कहर

मूल्य वृद्धि की यह घोषणा पेट्रोलियम मंत्री मुरली देवड़ा ने बुधवार को की। देवड़ा ने कहा कि कच्चे तेल के दाम बढ़ने के कारण सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों को पेट्रोल-डीजल की बिक्री पर जबरदस्त नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसलिए यह कदम उठाना आवश्यक हो गया था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस समय कच्चे तेल का मूल्य 70 डॉलर प्रति बैरल के इर्दगिर्द मंडरा रहा है।

फिर भी हो रहा नुकसान

उन्होंने बताया कि कीमत बढ़ाने के बावजूद सरकारी तेल कंपनियों को पेट्रोल की बिक्री पर 2 रुपए और डीजल पर करीब 1.62 रुपए का नुकसान उठाना पड़ेगा। वहीं, केरोसिन पर प्रति लीटर 15 रुपए और रसोई गैस पर 92 रुपए प्रति सिलेंडर नुकसान उठाना पड़ रहा है। सस्ते पेट्रो पदार्थ बेचने के कारण इन्हें इस वित्त वर्ष में करीब 39,000 करोड़ रुपए का नुकसान होने की आशंका है। जबकि मूल्य वृद्धि के इस फैसले से सरकार को करीब 13,000 करोड़ रुपए जुटाने में मदद मिलेगी।

तय था इजाफा

आम बजट से पहले पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ना तय माना जा रहा था। समय पर मानसून के सक्रिय नहीं होने के कारण सरकार इस मामले में ऊहापोह में फंसी थी। 29 जून को देश के ज्यादातर हिस्सों में मानसून आने के बाद केंद्र ने कीमत बढ़ाने का फैसला कर लिया था। पेट्रोलियम मंत्रालय ने आनन-फानन में पेट्रोल व डीजल के दाम बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार कर उसे बुधवार को मंत्रालयों की बैठक में पेश कर दिया, जिसे स्वीकार कर लिया गया।

Bookmark and Share


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: