नई दिल्ली. समाजवादी पार्टी के महासचिव अमर सिंह का 10 जुलाई को सिंगापुर के एलिजाबेथ हास्पिटल एंड मेडिकल सेंटर में किडनी प्रत्यारोपण होगा। सिंह की दोनों किडनियों ने काम करना बंद कर दिया है और मई में आम चुनाव के बाद से दिल्ली के बत्रा अस्पताल में उनका डायलिसिस हो रहा था।
सिंह के एक करीबी सहयोगी ने बताया कि सपा महासचिव की दोनों किडनियां काफी क्षतिग्रस्त हो गई हैं और उन्हें प्रत्यारोपण की सलाह दी गई है। उन्हें सिंगापुर ले जाए जाने से पहले उनके स्वास्थ्य के स्थिर होने का इंतजार किया जा रहा था।
बताया जाता है कि अमर सिंह को सपा के एक पूर्व विधायक अपनी किडनी दान देंगे, लेकिन पार्टी में इस बात की पुष्टि किसी ने नहीं की। सिंह ने सिंगापुर का चुनाव शायद इसलिए किया, क्योंकि भारत में किडनी प्रत्यारोपण एक जटिल मामला है। सिंह के सहयोगी ने कहा कि सिंह के मामले में भी भारत में कोई न कोई विवाद पैदा हो सकता था।
वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी ने हाल मेंअमर सिंह से चर्चा कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। अभिनेता अमिताभ बच्चन और हाल में सपा में शामिल हुए संजय दत्त पहले ही सिंगापुर जाकर सिंह से मुलाकात कर चुके हैं।
मुंबई स्थित लीलावती अस्पताल के वरिष्ठ किडनी रोग विशेषज्ञ अरुण शाह ने बताया कि ऑपरेशन की बजाय उसके बाद की स्थिति ज्यादा चिंताजनक होती है। असल चिंता यह होती है कि शरीर नई किडनी को स्वीकार करेगा या नहीं। मरीज को करीब तीन महीने तक स्वास्थ्य लाभ लेना पड़ता है।