International
विमान दुर्घटना : 12 घंटे तक मलबे के सहारे तैरती रही किशोरी
एजेंसी Thursday, July 02, 2009 00:18 [IST]  

plenपेरिस. कोमोरो द्वीप समूह में यमन के दुर्घटनाग्रस्त विमान की एक फ्रांसीसी किशोरी यात्री बकारी बाया (14) को बचा लिया गया है। बचाव नौका के आने तक बाया जहाज के एक टुकड़े मलबे के सहारे 12 घंटे तक महासागर में तैरती रही, जबकि उसे तैरना नहीं आता है।

फिलहाल वह कोमारो के एक अस्पताल में भर्ती है। उसका कंधे की हड्डी टूट गई है और शरीर का तापमान कम हो जाने से हाइपोथर्मिया की शिकायत है। माना जा रहा है कि वह हादसे की एकमात्र जीवित यात्री है। इससे पहले मीडिया में एक पांच वर्षीय बच्चे को बचा लिए जाने की खबर आई थी, लेकिन उसकी पुष्टि नहीं की गई थी।

महासागर में जिस स्थान से बाया को बचाया गया वह खतरनाक शार्क मछलियों का इलाका है। इसके बावजूद विमान से फैले तेल और यात्रियों के सूटकेस, कपड़ों व शवों के बीच वह 12 घंटे तक मलबे के सहारे तैरती रही। राहत दल के एक सदस्य ने बताया कि बाया को बचाने के लिए उसके पास बचाव के साधन फेंके गए थे, लेकिन वह पकड़ नहीं सकी। इस पर समुद्र में छलांग लगाकर उसे बाहर निकाला गया। ठंड से बुरी तरह कांप रही बाया को नौका पर लाने के बाद चार कंबलों में लपेटा गया और गर्म हवा दी गई।

अस्पताल के सूत्रों ने बताया, बाया होश में है और बोल सकती है, लेकिन उसकी स्थिति को देखते हुए नाम, पता और उम्र के अलावा उससे तत्काल कोई ज्यादा सवाल नहीं पूछे गए। पेरिस में उसके पिता कासम बकारी ने कहा यह खुदा का करिश्मा है शायद वह यही चाहता था।

कैसा अनुभव

बाया ने दुर्घटना के समय कुछ महसूस नहीं किया, अचानक उसने खुद को पानी में लोगों की चीखों के बीच पाया। अंधेरे के कारण उसे कुछ दिखाई नहीं दिया। हाथ में कुछ पड़ा जिसपर उसने लगातार चढ़ने की कोशिश की, लेकिन कई बार फिसलती रही। यह शायद टूटे विमान के कॉकपिट का केबिन था। बचाव कर्मियों ने जब उसे निकालने के लिए रस्सी फेंकी तो वह उसे पकड़ नहीं सकी और सागर में जा गिरी तब एक बचावकर्मी ने सागर में छलांग लगाकर उसे बचाया।

Bookmark and Share


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: