- टाइम से
शादी के कुछ ही सालों के बाद शादीशुदा लोगों में मोटापा बढ़ने की आशंका उन जोड़ों की तुलना में दो गुनी हो जाती है, जो केवल डेटिंग तक सीमित रहते हैं। यह बात एक अध्ययन से सामने आई है। शोधकर्ताओं ने 6,949 लोगों के वजन और वैवाहिक जीवन के बीच संबंधों का अध्ययन करने के बाद यह निष्कर्ष निकाला है।
इस अध्ययन के अनुसार वजन में बढ़ोतरी न केवल विवाहित जोड़ों में देखी गई, बल्कि विवाह बगैर साथ-साथ रहने वाले जोड़ों में भी ऐसा ही देखा गया। अध्ययन में पाया गया कि अपने दोस्त के साथ पांच साल से रहने वाली अविवाहित महिलाओं में भी मोटापा बढ़ने की आशंका 63 फीसदी तक बढ़ गई।
शोधकर्ता इस निष्कर्ष पर भी पहुंचे कि मोटापे की यह आशंका समय के साथ लगातार बढ़ती जाती है। हालांकि मजेदार बात यह है कि विवाहित पुरुषों या बगैर शादी अपनी महिला मित्र के साथ रहने वाले पुरुषों में मोटापा बढ़ने के लक्षण शुरू के दो साल तक ही पाए गए। बाद में वे फिर से सामान्य हो गए।
आखिर मोटापा बढ़ने की वजह क्या है? शोध से जुड़े नेटाली के अनुसार अकेले रहने की तुलना में लोग जब जोड़े में रहने लगते हैं तो उनके लिए समय पर नियमित भोजन महत्वपूर्ण हो जाता है। फिर लोग शादी के बाद जिम इत्यादि जाना भी छोड़ देते हैं। हालांकि शादी के बाद स्वास्थ्य संबंधी कई अच्छी आदतें भी बन जाती हैं। कई लोग धूम्रपान करना छोड़ देते हैं।
‘टाइम’ अमेरिका की प्रमुख साप्ताहिक पत्रिका है।