साजिद नाडियाडवाला अपनी महत्वाकांक्षी फिल्म ‘कम्बख्त इश्क’ का भव्य प्रीमियर आयोजित करना चाहते थे। उनकी मंशा इसमें हॉलीवुड के दिग्गज कलाकार सिल्वेस्टर स्टेलन, डेनिस रिचर्ड और ब्रैंडन रूथ को आमंत्रित करने की थी, लेकिन मल्टीप्लैक्स और निर्माताओं के बीच चले लंबे विवाद ने उनकी योजना पर पानी फेर दिया।
बार-बार बदलती प्रदर्शन की तिथि के कारण हॉलीवुड कलाकारों के फिल्म के प्रीमियर में शामिल होने की संभावनाएं खत्म हो चुकी हैं। गौरतलब है कि अब यह फिल्म 3 जुलाई को प्रदर्शित हो रही है।
इस बारे में साजिद बताते हैं, ‘अपनी फिल्मों के लिए हमने कभी बड़ा प्रीमियर नहीं रखा है। चूंकि यह फिल्म बजट और कलाकारों के लिहाज से काफी बड़ी है, तो हम चाहते थे कि इसका एक भव्य प्रीमियर हो। इसमें हम हॉलीवुड कलाकारों समेत अपनी इंडस्ट्री के उन कलाकारों को बुलाना चाहते थे, जिनकी मदद के बगैर यह फिल्म संभव नहीं थी।
मल्टीप्लैक्स और निर्माताओं के विवाद ने सारी योजना पर पानी फेर दिया। पहले यह फिल्म 29 मई को प्रदर्शित होनी थी, जिसके प्रीमियर के लिए स्टेलन और अन्य कलाकारों की रजामंदी मिल चुकी थी। चूंकि अब यह फिल्म 3 जुलाई को प्रदर्शित हो रही है, तो बदली परिस्थितियों में उन्होंने आने में असमर्थता जता दी है। वे इतने व्यस्त हैं कि अब नई तिथियों पर स्वयं को फ्री नहीं कर पा रहे हैं।’
एक सूत्र के मुताबिक साजिद ने अंतरराष्ट्रीय सितारों को ताज होटल में ठहराने की इच्छा व्यक्त की थी और इसके लिए अतिरिक्त सुरक्षा का इंतजाम भी कर लिया गया था, लेकिन बदली तारीख ने सारे किए कराए पर पानी फेर दिया।