विद्या बालन ने राजकुमार हीरानी की फिल्म ‘लगे रहो मुन्ना भाई’ में काम किया था। फिल्म जबर्दस्त हिट रही। इसके बाद विद्या की दोस्ती राजकुमार से हो गई। इसी दोस्ती की खातिर राजकुमार की आगामी फिल्म ‘3 इडियट’ में विद्या केमियो रोल करने के लिए तैयार हो गई।
आखिर क्या है यह केमियो रोल? इसे दूसरे रूप से मेहमान कलाकार कह सकते हैं। पहले की फिल्मों में इस तरह के रोल होते थे। केमियो रोल इस मामले में थोड़ा-सा अलग है। यह वह छोटा-सा रोल होता है, जिससे पूरी फिल्म प्रभावित होती है।
इस रोल को करने वाले की अहमियत मुख्य कलाकार की तरह होती है। दर्शक उसे भी याद रखते हैं। अब इस तरह के रोल विद्या आखिर क्यों न स्वीकारे?
पहले कहा जा रहा था कि विद्या इस तरह के रोल नहीं करेगी। अब जब उनके खास दोस्त राजकुमार हीरानी यह रोल ऑफर कर रहे हैं, तो फिर ना करने की कोई गुंजाइश ही नहीं है।
इस फिल्म में मुख्य भूमिका आमिर खान और करीना कपूर निभा रहे हैं। शर्लिन चोपड़ा भी इसमें केमियो रोल कर रही हैं। इस तरह से इस फिल्म में दो केमियो हीरोइन होंगी।