फिल्मी दुनिया में अक्सर दो अभिनेत्रियों के बीच जमकर स्पर्धा ही होती है। उनमें कभी बहनापा नहीं देखा जाता। आजकल अमृता राव और सोनम कपूर के बीच काफी निकटता देखी जा रही है। इन दोनों की दोस्ती को देखकर लगता है कि बॉलीवुड में दोस्ती के एक नए अध्याय की शुरुआत हो रही है।
हाल ही में सोनम कपूर का जन्म दिन था। उस दिन अमृता की तबीयत ठीक नहीं थी। इसके बाद भी उसने सोनम के लिए सुंदर केक भिजवा दिया। इसके बाद जब अमृता का जन्म दिन आया, तब सोनम कपूर ने उसके लिए एक भव्य पार्टी देने का निश्चय किया।
पर अमृता को यह सब पसंद न होने के कारण यह संभव नहीं हो पाया। उस दिन अमृता ने पूरा दिन घर पर ही बिताया। अमृता अनिल कपूर की मानस पुत्री हैं। अनिल कपूर की फिल्म ‘शार्टकट’में जहां अमृता हीरोइन हैं, वही उनकी एक और फिल्म ‘आयशा’ की हीरोइन सोनम हैं।
इन दोनों ने अनिल कपूर से आग्रह किया है कि अपनी आगामी फिल्मों में वे दोनों को एक साथ लें।
सोनम-अमृता दोनों ही एक-दूसरे को इतना चाहते हैं कि कुछ न पूछो। फिर चाहे शापिंग, जिम, स्पा, डिनर हो या मूवी, हर जगह दोनों साथ-साथ ही जाती हैं। इन दोनों की कंपनी की बॉलीवुड में चर्चा है। दोनों का बहनापा बॉलीवुड में एक अलग ही छाप छोड़ता है।