इस्लामाबाद. स्वात घाटी में तालिबान का कमांडर मौलाना फजलुल्ला सुरक्षा बलों के साथ संघर्ष में मारा गया है। पाकिस्तानी समाचार पत्रों में यह दावा किया गया है। मलकंद क्षेत्र में पाकिस्तानी सेना के हमलों में फजलुल्ला गंभीर रूप से घायल हो गया था।
‘न्यूज इंटरनेशनल’ ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि सुरक्षा बलों ने फजलुल्ला के एक फोन कॉल को ‘ट्रेस’ किया था जिसमें वह अपने लड़ाकों को और हमलों का निर्देश दे रहा था। कॉल से पता चला था कि फजलुल्ला स्वात घाटी के आसपास है। इसके बाद सुरक्षा बलों ने उसके सैटेलाइट सिस्टम को निशाना बनाया था। रिपोर्ट के मुताबिक फजलुल्ला ने टेप की गई फोन वार्ता में कहा था कि उसके चारों ओर सुरक्षा बल हैं। एक न्यूज पोर्टल ने भी फजलुल्ला के स्वात घाटी में अभियान के दौरान मारे जाने की आशंका जताई है। वैसे, फजलुल्ला की मौत की आधिकारिक पुष्टि होनी अभी बाकी है। इससे पहले मीडिया में बैतुल्लाह मेहसूद के मारे जाने की भी खबर आई थी, जिसे बाद में गलत पाया गया था।
पाक में परमाणु संस्थान की बस पर आत्मघाती हमला
पाकिस्तान के रावलपिंडी शहर में गुरुवार को एक बस पर हुए आत्मघाती हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 35 से अधिक घायल हो गए। बस में देश के एक शीर्ष परमाणु संस्थान के कर्मी सवार थे। पुलिस के मुताबिक, हमलावर ने चुहर चौक के पास अपनी मोटरसाइकिल परमाणु ऊर्जा आयोग की बस से टकरा दी, जिससे जोरदार धमाका हुआ। इससे मौके से गुजर रहे राहगीर और कारों में सवार लोग घायल हो गए। रावलपिंडी के पुलिस प्रमुख राव मोहम्मद इकबाल ने बताया कि बस में खान शोध प्रयोगशाला के 50 से 60 कर्मी सवार थे।
26 आतंकी ढेर
पाकिस्तान ने आतंकियों को अपने देश में घुसने से रोकने के लिए एक बार फिर अफगानिस्तान सीमा पर सैनिकों को तैनात कर दिया है। दक्षिणी अफगानिस्तान के हेलमंद प्रांत में 4000 अमेरिकी सैनिकों द्वारा आतंकियों के खिलाफ छेड़े गए अभियान के बाद पाक ने यह कदम उठाया है। इस बीच, पाकिस्तान के अशांत पश्चिमोत्तर प्रांत के शाह देहरी, कंजू और अन्य इलाकों में हुई ताजा लड़ाई में सेना ने 26 आतंकी ढेर कर दिए।