National
स्वाइन फ्लू से एनआरआई की मौत
एजेंसी Friday, July 03, 2009 00:40 [IST]  

नई दिल्ली/ कोच्चि. केरल के कोच्चि शहर में 52 वर्षीय अनिवासी भारतीय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत को स्वाइन फ्लू के संक्रमण से जोड़कर देखा जा रहा है। इस व्यक्ति को बुधवार शाम स्वाइन फ्लू जैसे लक्षणों के साथ कोच्चि के अस्पताल में दाखिल कराया गया था, जहां थोड़ी देर बाद ही उसकी मौत हो गई।

स्टैनले पेलिस नाम के इस व्यक्ति के नमूने जांच के लिए दिल्ली भेजे गए हैं। अगर इनमें स्वाइन फ्लू संक्रमण की पुष्टि होती है तो देश में इस बीमारी से यह पहली मौत होगी। इस बीच, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद ने गुरुवार को राज्यसभा में उम्मीद जताई कि भारत अन्य देशों से पहले स्वाइन फ्लू का टीका तैयार कर लेगा।

नई दिल्ली में स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि स्टैनले के नमूनों की जांच रिपोर्ट आने से पहले उसकी मौत के बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। दिल्ली के एक अस्पताल में दाखिल स्वाइन फ्लू से पीड़ित 66 वर्षीय महिला की हालत अभी स्थिर बताई जाती है।

केरल के कोल्लम का निवासी स्टैनले 17 जून को अमेरिका से भारत लौटा था। अस्पताल में दाखिल कराए जाते समय उसे तेज बुखार और सांस लेने में दिक्कत थी। कोट्टायम के होली क्रॉस अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, उसकी मौत दिल का दौरा पड़ने के कारण हुई है।

पांच नए मामले

देश में स्वाइन फ्लू के पांच और मामलों की पुष्टि हुई है। गुड़गांव, बेंगलुरू, पुणो, अमृतसर और कोच्चि में सामने आए इन मामलों को मिलाकर देशभर में स्वाइन फ्लू के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 121 हो गई है। पांच नए मामलों में तीन बच्चों के हैं, जबकि बाकी दो मामले महिलाओं से संबंधित हैं।

Bookmark and Share


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: