Chandigarh
पीसीआर जवानों की पाठशाला
भास्कर न्यूज Friday, July 03, 2009 03:35 [IST]  

pcrचंडीगढ़. शहर में अब सड़क हादसे का शिकार होने वालों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार मिल सकेगा। पीसीआर जिप्सी में ऑक्सीजन की व्यवस्था होगी और पुलिस वाले घायलों को सही तरीके से उठाकर अस्पताल तक पहुंचाएंगे।

हादसे में घायल युवकों को बिना स्ट्रेचर, बोरी की तरह पीसीआर जिप्सी में पटक कर अस्पताल पहुंचाने का मसला ‘भास्कर’ द्वारा उठाने के बाद चंडीगढ़ पुलिस ने पीसीआर में तैनात सभी कर्मियों की मेडिकल ट्रेनिंग शुरू की है। वीरवार को पीसीआर जवानों के लिए तीन दिन का एक रिफ्रेशर ट्रेनिंग कोर्स शुरू किया गया।

फोर्टिस अस्पताल के सीनियर कंसलटेंट डॉक्टर रूपक दास ने चिल्ड्रन ट्रैफिक पार्क में पीसीआर के 50 जवानों को ट्रेनिंग दी और बताया कि हादसे में घायल को अस्पताल पहुंचने में किस तरह की सावधानियां बरतनी चाहिए। इस कोर्स में पीसीआर के दो इंस्पेक्टर, चार एसआई, एक एएसआई, 11 हेड कांस्टेबल, 19 कांस्टेबल और 13 होमगार्ड जवान शामिल हुए।

डॉक्टर रूपक ने पीसीआर जवानों को बताया कि घायलों को ठीक तरीके और सही समय पर अस्पताल पहुंचा दिया जाए तो कई कीमती जिंदगियां बच सकती हैं। यह काम लापरवाही से किया जाए तो चोट बिगड़ने और जान का खतरा बढ़ जाता है। घायलों को उठाने के लिए स्ट्रेचर का ही इस्तेमाल किया जाना चाहिए और बेल्ट के साथ बांधना भी जरूरी है। ऐसा न करने पर मरीज गिर सकता है। जवानों को घायलों से अच्छे व्यवहार की नसीहत भी दी गई। तीन दिन के इस कोर्स में पीसीआर के 250 जवानों को ट्रेनिंग दी जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग भी तैनात करेगा एंबुलेंस

होम सेक्रेटरी राम निवास ने बताया कि हेल्थ विभाग इसी महीने पीसीआर जिप्सी के साथ एंबुलेंस भी तैनात करेगा। इन पर वायरलेस सेट होंगे। पीसीआर जिप्सी में हेल्थ विभाग के कर्मियों की तैनाती पर फैसला 14 जुलाई को लिया जाएगा।

सिस्टम में खामियां सामने आने पर सुधार का काम शुरू कर दिया गया है। इसके तहत अपने सारे कर्मियों को मेडिकल ट्रेनिंग देने का फैसला किया है।

रोशनलाल, डीएसपी पीसीआर

Bookmark and Share


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: