इंदौर. गुरुवार को बादलों ने अठखेलियां की और शहर में रुक-रुककर फुहारें चलाईं। इस बीच कहीं बारिश हो रही थी तो कहीं धूल उड़ रही थी। सुबह से धूप निकलने के बाद शहर के उत्तरी इलाके में दोपहर करीब 12.30 बजे मोटी-मोटी बूंदों के साथ बारिश शुरू हुई, उस वक्त पूर्वी इलाके में सड़कों पर धूल उड़ रही थी। इसके बाद बारिश थोड़ी आगे बढ़ी और फिर शहर के पश्चिमी और दक्षिणी इलाकों को भिगोया। मौसम विभाग के मुताबिक सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच ली गई रीडिंग में तीन मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इस मौसम में अब तक 92.4 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है।
इस बीच अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 31.4 दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 25.2 रहा।
तीन दिन बाद तेजी के आसार
मौसम केंद्र भोपाल के निदेशक डी.पी. दुबे के मुताबिक मालवा-निमाड़ अंचल में आगामी दो-तीन दिनों तक बूंदा-बांदी होने के बाद 5-6 जुलाई से तेज बारिश होने के आसार हैं।
2003 में भीगा था जुलाई
जुलाई माह में पिछले 10 वर्षो में सबसे ज्यादा बारिश सन 2003 में 429.5 मिमी दर्ज की गई थी, जबकि सबसे कम वर्षा उसके एक वर्ष पहले सन 2002 में मात्र 29.3 मिमी हुई थी।