जयपुर. शहर में गुरुवार को कई इलाकों में बारिश हुई। कुछ ही देर की बारिश से चारों तरफ पानी ही पानी हो गया। दोपहर तक तेज धूप के बाद आकाश में बादल उमड़े। तीन बजे दक्षिण दिशा से काली घटा उमड़ी और पूरे शहर पर छा गई। उसी दौरान दौरान तेज गति से हवा चलना प्रारंभ हो गई। सवा तीन बजे 39 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। इससे कई स्थानों पर यातायात ठहर गया। चौपहिया वाहन सड़कों के किनारे खड़े हो गए। सड़कों पर पानी बह निकला। करीब पच्चीस मिनट बारिश हुई। हवा चलने से कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। शहर के उत्तरी व पश्चिमी क्षेत्र में कम बारिश हुई।
शाम को जलमहल पर रही भीड़
शाम को जलमहल व आमेर रोड पर लोगों की खासी भीड़ रही। युवाओं की भीड़ नाहरगढ़ रोड की तरफ ज्यादा रही। इसके अलावा शहर के सेंट्रल पार्क व नेहरू बालोउद्यान में भी खासी भीड़ रही।
कई जगह सड़कों पर भरा पानी
शहर के कई जगहों पर पानी भर गया तथा नालों की सफाई नहीं होने से यह सड़कों पर ही बहता रहा। कुछ स्थानों पर नालों से निकाला गया कचरा नहीं उठाने से वह वापस नालों में चला गया। टोंक रोड पर कई स्थानों पर पानी भरने से काफी परेशानी हुई। टोंक रोड से बाईस गोदाम की ओर जाने वाली सड़क पर भी कई स्थानों पर पानी भर गया। त्रिमूर्ति सर्किल सहित की स्थानों पर पानी भरा।
15 घरों में आया करंट
बारिश का पानी भरने से बगड़िया भवन के पीछे गौतम मार्ग के 15 घरों की दीवारों में करंट आ गया। इससे लोग घरों से बाहर आ गए और काफी देर तक अंदर नहीं गए। तीन बजे आई तेज बारिश के बाद यहां कई घरों के सामने पानी भर गया। इसके बाद एक घर के लोगों ने दीवारों में करंट आने के बारे में पड़ोसियों को बताया तो पता चला कि उनके घर में भी करंट आ रहा है। इस पर करीब पंद्रह घरों के लोग बाहर निकल आए। शिकायत पर बिजलीकर्मी पहुंचे। जांच में पता चला कि दो फेज के तार दीवार गीली होने से आपस में टकरा गए थे।
फाल्ट से कई जगह बिजली गुल
अचानक तेज हवा के साथ आई बारिश से कई स्थानों पर बिजली गुल हो गई। चांदपोल से झोटवाड़ा की ओर जाने वाली सड़क पर लगे ट्रांसफार्मर की एलटी लाइन की केबल में आग लग गई। इससे कुछ इलाकों में कुछ समय के लिए बिजली गुल हो गई।