जयपुर. राजमंदिर सिनेमा हॉल में गुरुवार शाम बम होने की सूचना से फिल्म देख रहे दर्शकों में हड़कंप मच गया। करीब एक घंटे में पुलिस ने बम निरोधक दस्ते की मदद से पूरा हॉल छान मारा, लेकिन कुछ नहीं मिला। इस दौरान कुछ दर्शक घबराकर फिल्म बीच में ही छोड़कर चले गए।
विधायकपुरी थाना प्रभारी रमेश चंद ने बताया कि सिनेमा हॉल में बम रखा होने की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम से करीब सवा चार बजे मिली। फोन करने वाले ने खुद का नाम अरविंद बताया तथा राजमंदिर में बम रखा होने की जानकारी दी। मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस ने आगरा रोड माली की कोठी निवासी अरविंद को गिरफ्तार कर लिया। अरविंद मानसिक रूप से कमजोर है। फोन करने के बाद उसने मोबाइल को पानी में फेंक दिया। पुलिस ने मोबाइल बरामद कर लिया है। मोबाइल सिम अरविंद के भाई राजेश के नाम से थी।
बम निरोधक दस्ते ने पहले तो राजमंदिर के बाहरी इलाके में तथा लॉबी की तलाशी ले ली। इस दौरान इंटरवल हो गया तो दर्शकों को लॉबी में खड़ा कर दिया तथा सिनेमा हॉल की तलाशी ली। तलाशी के दौरान आधे घंटे दर्शक लॉबी में खड़े रहे। पुलिस ने दर्शकों को यह नहीं बताया कि सिनेमा हॉल में बम की सूचना है। बम निरोधक दस्ता व पुलिस के उच्चधिकारियों को देख दर्शकों को शक हो गया। जिसके कारण कई दर्शक फिल्म छोड़कर ही चले गए। दिल्ली से आए सुमंत ने बताया कि बीडीएस को देख उसे शक हो गया था, जिसके कारण वह फिल्म बीच में ही छोड़कर वापस आ गया। तलाशी के बाद फिल्म का शो सुचारु रूप से चला।
सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त
राजमंदिर के मैनेजर अशोक तंवर ने बताया कि राजमंदिर में सौ से दो सौ विदेशी पर्यटक फिल्म देखने आते हैं। हमने सुरक्षा के मद्देनजर पूरी व्यवस्था कर रखी है। किसी को भी सामान अंदर ले जाने की अनुमति नहीं है। सामान रखने के लिए सिनेमा हाल के बाहर ही स्टैंड बना रखा है। दर्शक की सिनेमा हाल के प्रवेश द्वार पर ही मेटल डिटेक्टर से पूरी जांच होती है।