Udaipur
ममता की रेल से मेवाड़ की उम्मीदें
Bhaskar News Friday, July 03, 2009 06:07 [IST]  

उदयपुर. रेलमंत्री ममता बनर्जी से मेवाड़-वागड़ को काफी उम्मीदें हैं। रेल विकास से ही इस क्षेत्र के विकास की प्रबल संभावनाएं जुड़ी हुई हैं। बांसवाड़ा को रेल से जोड़ना और उदयपुर-अहमदाबाद के बीच आमान परिवर्तन इस क्षेत्र की जरूरत है। राजधानी, शताब्दी जैसी सुपरफास्ट ट्रेनों के माध्यम से मुंबई, दिल्ली, चैन्नई, बनारस, लखनऊ, हैदराबाद, बेंगलुरू, मेंगलोर से जोड़ना यहां के मार्बल व्यवसाय की दृष्टि से जरूरी है।

रेलमंत्री ममता बनर्जी की ओर से शुक्रवार को पेश होने वाले बजट पर पूरे मेवाड़-वागड़ की निगाहें लगी हुई हैं। हर बजट में उपेक्षित रहे इस अंचल को रेल बजट से काफी उम्मीदें हैं क्योंकि 45 सालों बाद यह पहला मौका है, जब संसद में मेवाड़ का कोई केबिनेट मंत्री है। बांसवाड़ा को रेल से जोड़ना और उदयपुर-अहमदाबाद आमान परिवर्तन के मुद्दे बरसों से लंबित हैं।

दुनिया के प्रमुख शहरों में शामिल पर्यटन नगरी उदयपुर को ट्रेनों के माध्यम से कुछ नए शहरों से जोड़े जाने का संभावना है। दो साल पहले स्वीकृत उदयपुर-अहमदाबाद आमान परिवर्तन योजना को भी अच्छा बजट मिलने की संभावना है ताकि इस योजना को पूरा किया जा सके। बांसवाड़ा को रतलाम या दाहोद के बीच नई रेल लाइन से जोड़े जाने की भी संभावना है।

बांसवाड़ा में थर्मल पॉवर प्लांट लगाने की स्वीकृति होने के कारण भी आजादी के साठ सालों बाद बांसवाड़ा के रेल से जुड़ने की आस बंधी है। उधर, उदयपुर-अहमदाबाद आमान परिवर्तन शीघ्र होने पर रेलवे फ्रेट कॉरिडोर योजना के तहत इस मार्ग को वैकल्पिक मार्ग के रूप में इस्तेमाल किया जा सकेगा। सुरक्षा की दृष्टि से उदयपुर मारवाड़ के बीच भी आमान परिवर्तन को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस मार्ग को बजट में शामिल किए जाने की उम्मीद है।

मार्बल प्रोसेसर्स ने भेजा ज्ञापन

मार्बल प्रोसेसर्स एसोसिएशन ने भी रेल बजट के मद्देनजर ज्ञापन रेलमंत्री ममता बनर्जी को भेजा है। संगठन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विजय गोधा के अनुसार ज्ञापन में प्रस्तावित दिल्ली मुंबई रेलवे फेट्र कॉरिडोर से उदयपुर को जोड़ने, मादड़ी औद्योगिक क्षेत्र में अधूरे पड़े रेलवे अंडर पास को जल्द पूरा करने, उदयपुर से दिल्ली और उदयपुर से मुंबई की ट्रेनों को दैनिक करने की मांग की गई है।

इसी प्रकार,श्री गुजराती समाज ने रेल मंत्री ममता बनर्जी को ज्ञापन भेजकर उदयपुर-अहमदाबाद आमान परिवर्तन तथा उदयपुर-इंदौर एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का आग्रह किया है। अध्यक्ष जैमीन भाई व राजेश बी मेहता ने ज्ञापन में बताया कि आमान परिवर्तन से गुजरात से आने वाले वैष्णवजनों को लाभ होगा।

Bookmark and Share


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: