रायपुर. आंबेडकर अस्पताल से मंगलवार को फरार होने वाली महिला कैदी रेखा बाई गुरुवार को पकड़ी गई। उसे जांजगीर से जेल की निलंबित महिला प्रहरी किरण साहू की मदद से पुलिस ने पकड़ा। महिला कैदी ने इसी प्रहरी को चकमा दिया था। उसके भागने के बाद महिला प्रहरी किरण को निलंबित कर दिया गया था।
निलंबित महिला प्रहरी ने जेल के अन्य प्रहरियों के साथ देर शाम महिला को राजधानी लाकर मौदहापारा पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने रेखा बाई के खिलाफ अभिरक्षा से भागने के आरोप में अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि रेखा बाई पर हत्या का अपराध साबित हो चुका है। उसे कुछ अर्सा पहले ही बिलासपुर जेल से यहां रिफर किया गया था।
महिला की दो साल की बेटी है। वह बीमार हो गई थी। उसे इलाज के लिए आंबेडकर अस्पताल में दाखिल कराया गया था। मां होने के कारण महिला कैदी को उसके साथ रखा था। दोपहर करीब 12 बजे उसने महिला प्रहरी को झांसा दिया और भाग निकली। इसके लिए महिला प्रहरी को जिम्मेदार ठहराया गया था। निलंबन के बाद उसने खुद महिला कैदी को पकड़ने का बीड़ा उठाया और जांजगीर पहुंच गई। वहां महिला कैदी के छिपे होने की पक्की खबर लेने के बाद उसने पुलिस की मदद ली।