यशराज प्रोडक्शंस की न्यूयॉर्क ने पहले हफ्ते में वितरकों और दर्शकों के चेहरे पर एक मुस्कान ला दी है। अरसे बाद फिल्म उद्योग पर आई यह बहार आज भी कायम रह सकती है। साजिद नाडियाडवाला की कम्बख्त इश्क शुक्रवार को प्रदर्शित हो रही है। अक्षय कुमार और करीना की मौजूदगी फिल्म को तगड़ी ओपनिंग देगी इसमें कोई शक की गुंजाइश नहीं है। नए निर्देशक शब्बीर खान को भी पूरा भरोसा है कि वे दर्शकों को मनोरंजन देने में शत प्रतिशत सफल होंगे। अन्नू मलिक सहित तीन संगीतकारों की बनाई धुनें अब तक लोगों की जुबान पर नहीं चढ़ पाई हैं इसलिए संगीत पक्ष उतना मजबूत नहीं हो पाया है।
कहानी
हॉलीवुड फिल्मों में स्टंटमैन विराज और सुपर मॉडल सिमरिता के व्यवहार और नजरिये में जमीन-आसमान का फर्क है। जब भी वे मिलते हैं तो लड़ने के सिवा कुछ नहीं करते। विराज का मूलमंत्र है कि दुनिया में प्यार जैसी कोई चीज नहीं होती। सिमरिता की अच्छी दोस्त की शादी के मौके पर विराज भी आता है और शुरुआत होती है नफरत भरी प्रेम कहानी की। कैसे दोनों की दुश्मनी प्यार में बदलती है यह तो आज पता चल ही जाएगा। फिल्म में सिल्वेस्टर स्टेलॉन की मौजूदगी भी दर्शकों को आकर्षित करेगी।