Ujjain
मार्च 2010 में पूरा होगा रेल लाइन का विद्युतीकरण
भास्कर न्यूज Friday, July 03, 2009 10:00 [IST]  

उज्जैन. केंद्रीय रेल मंत्रालय के मुताबिक इंदौर-उज्जैन रेल लाइन पर विद्युतीकरण का कार्य प्रगति पर है और मार्च 2010 तक पूरा हो जाएगा। उक्त जानकारी केंद्रीय रेल राज्यमंत्री के.एच. मुनियप्पा ने गुरुवार को लोकसभा में उज्जैन से सांसद प्रेमचंद गुड्डू के लिखित सवाल के जवाब में दी। गुड्डू के एक अन्य लिखित सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि इंदौर-दाहोद रेल लाइन का कार्य भी शुरू हो चुका है।

रेल राज्यमंत्री के.एच. मुनियप्पा के मुताबिक इस लाइन पर दाहोद-कटवारा तथा सागौर-इंदौर (49-72 किमी) के बीच कुछ भाग पर कार्य शुरू कर दिया गया है। भूमि अधिग्रहण तथा पुल संबंधी कार्य शुरू कर दिए गए हैं। इस परियोजना को पूरा करने की समय सीमा के सवाल पर मुनियप्पा ने बताया कि कार्य आगामी वर्षो में संसाधनों की उपलब्धता के अनुसार किया जाएगा।

मौजूदा अनुमानों के अनुसार इस परियोजना पर कुल 948.80 करोड़ रुपए की राशि खर्च होने की संभावना है। उज्जैन के सांसद प्रेमचंद गुड्डू के मुताबिक इंदौर- उज्जैन रेल लाइन पर विद्युतीकरण का काम पूरा होने पर तमाम यात्रियों के लिए समय की बचत के अलावा इंदौर-उज्जैन के बीच की दूरी तय करने में रेल गाड़ियों की रफ्तार में भी इजाफा होगा।

वर्तमान में तमाम लंबी दूरी की गाड़ियों को इंदौर से उज्जैन आकर डीजल इंजन बदलना पड़ता है । इंदौर से उज्जैन तक रेल लाइन का विद्युतीकरण न होने की वजह से इंजन बदलने की प्रक्रिया में रेल कम से कम आधा घंटा उज्जैन स्टेशन पर ही खड़ी रहती हैं और डीजल इंजन से इंदौर पहुंचने में भी ज्यादा समय लगता है।

Bookmark and Share


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: