काफी जद्दोजहद के बाद संजय गड़वी को अपनी फिल्म ‘7 डेज इन पेरिस’ के लिए नायिका मिल ही गई। उन्होंने अब जेनेलिया डिसूजा को फाइनल कर लिया है। इस तरह दर्शक एक बार फिर ‘जाने तू या जाने ना’ की जोड़ी से रूबरू हो सकेंगे।
फिल्म में इमरान खान नायक हैं और नायिका के लिए संजय को कड़ी मशक्कत से गुजरना पड़ा है। कैटरीना कैफ से लेकर प्रियंका चोपड़ा और करीना कपूर तक के नामों की चर्चा के बाद जेनेलिया के चुने जाने के बाद निश्चित तौर पर निर्माता-निर्देशक ने राहत की सांस ली होगी।
गौरतलब है कि फिल्म ‘7 डेज इन पेरिस’ अपनी नायिका को लेकर शुरुआत से ही चर्चा में रही। सबसे पहले फिल्म में कैटरीना कैफ को लिए जाने की चर्चा थी, लेकिन उन्होंने स्क्रिप्ट में फेरबदल के बाद फिल्म को छोड़ना ही उचित समझा।
कैटी बेबी के जाने के बाद निर्माता ने करीना कपूर से लेकर असिन तक से बात चलाई, लेकिन दोनों ने अन्य फिल्मों की व्यस्तता के चलते विनम्रता से असमर्थता जता दी। इसके पहले संजय ने इंडस्ट्री की ‘हॉट इन डिमांड’ प्रियंका चोपड़ा से भी बात की थी, लेकिन उन्होंने पांच करोड़ रुपए का भारी-भरकम पारिश्रमिक मांगकर उनका मुंह ही बंद कर दिया।
इसके बाद जेनेलिया के नाम पर चर्चा हुई और उनसे बात की गई। चूंकि जेनेलिया इमरान खान की पहली फिल्म ‘जाने तू या जाने ना’ की भी नायिका रही हैं, सो उन्होंने फिल्म में काम करने का ऑफर मंजूर कर लिया। इस लिहाज से देखें तो बॉलीवुड की हॉट जोड़ी एक बार फिर दर्शकों के समक्ष उपस्थित होगी।