दुबई. ओपनर गौतम गंभीर और ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ताजा टेस्ट रैंकिंग के अनुसार सर्वश्रेष्ठ भारतीय बल्लेबाज व गेंदबाज हैं। आईसीसी द्वारा गुरुवार को जारी रैंकिंग में गंभीर दुनिया के तीसरे नंबर के बल्लेबाज हैं। वे टॉप- 10 की सूची में एकमात्र भारतीय हैं।
उन्हें 847 रेंटिंग प्वाइंट मिले हैं। अन्य भारतीयों में सचिन तेंडुलकर 13वें, वीवीएस लक्ष्मण 15वें और वीरेंद्र सहवाग 20वें स्थान पर है। पाकिस्तान के कप्तान यूनुस खान इस सूची में पहले स्थान पर हैं। गेंदबाजों की रैंकिंग में भी टॉप-10 में सिर्फ एक भारतीय को जगह मिली है।
हरभजन सिंह 735 रेटिंग प्वाइंट के साथ इस सूची में छठे स्थान पर हैं। भारतीयों में जहीर खान 11वें और इशांत शर्मा 20वें स्थान पर हैं। श्रीलंका के ऑफ स्पिनर मुथैया मुरलीधरन गेंदबाजों की सूची में शीर्ष पर हैं। टीम रैंकिंग (टेस्ट) में भारत 117 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर बरकरार है।
इस सूची में ऑस्ट्रेलिया (128) पहले और दक्षिण अफ्रीका (119) दूसरे स्थान पर हैं। इस सूची में श्रीलंका, इंग्लैंड और पाकिस्तान क्रमश: चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर हैं। इसी प्रकार वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड और बांग्लादेश क्रमश: सातवें, आठवें और नौवें क्रम पर हैं।