दो वर्ष पहले शिल्पा शेट्टी ने गंभीर रूप से बीमार लोगों के उपचार के लिए शिल्पा शेट्टी फाउंडेशन के रूप में कल्याणकारी संस्था शुरू की थी। अब जब यह सुचारू रूप से काम करने लगी है तो शिल्पा ने फैसला किया है कि वह भविष्य में किसी अन्य एनजीओ या चैरिटेबल ट्रस्ट से नहीं जुड़ेंगी।
फिलहाल वह परमेश्वर गोदरेज के हीरोज प्रोजेक्ट के साथ मिलकर काम कर रही थीं। सुरक्षित यौन संबंधों की जरूरत और उसके प्रचार के अलावा अन्य मुद्दों के लिए काम करने वाले इस प्रोजेक्ट से हॉलीवुड स्टार रिचर्ड गेर भी जुड़े हुए हैं।
इस संदर्भ में वह बताती हैं, ‘मैं हीरोज प्रोजेक्ट से जुड़ी रही हूं और मैंने एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए काफी काम किया है। फिलहाल मैंने एनडीटीवी के कैंपेन के लिए आधा दर्जन गांव गोद लिए हैं। इसके पहले भी मैं कई कल्याणकारी कार्यक्रमों से जुड़कर काम करती रही हूं, लेकिन अब मैंने सिर्फ अपने फाउंडेशन के लिए काम करने का निर्णय किया है।
अब हम दो नए उद्देश्यों पर काम शुरू कर रहे हैं। एक के तहत देश भर के गांवों में बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में काम किया जाएगा, तो दूसरे में जरूरतमंदों की मदद के अलावा फाउंडेशन के तहत लड़कियों को सहारा दिया जाएगा।’
सलमान खान के शो ‘दस का दम’ में प्रस्तुत होने जा रहीं शिल्पा बताती हैं, ‘शो में जीती गई रकम मेरे फाउंडेशन को जाएगी। भविष्य में भी मैं ऐसे जिन-जिन कार्यक्रमों में हिस्सा लूंगी, उनमें जीती या प्राप्त रकम अपने फाउंडेशन को दे दूंगी।’