गाजियाबाद. अभी रेल बजट 2009-10 पेश हुए कुछ घंटे ही बीते हैं कि एक रेल दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। ममता दीदी ने दिन में रेल मंत्रालय को पोथा पढ़कर सुनाया। इसके चंद घंटों बाद रेल दुर्घटना का होना शायद भाग्यशाली शुरूआत नहीं है।
मिली जानकारी के अनुसार देश की राजधानी दिल्ली के निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन की ओर आ रही अंबाला पैसेंजर देर रात 12.10 बजे गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के आउटर के पास खड़ी एक मालगाड़ी से टकरा गई। इस हादसे में करीब 12 लोगों जख्मी हुए हैं।
गाजियाबाद के डीएम आर. रमेश कुमार ने दुघर्टना की पुष्टि कर दी है। उन्होंने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार ट्रेन जैसे ही गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के आउटर को पार कर विवेकानंद रेलवे फाटक के करीब पहुंची तब वहां उसी ट्रैक पर पहले से खड़ी एक मालगाड़ी के पिछले हिस्से में मौजूद गार्ड की बोगी में जोरदार टक्कर हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोगों को बम धमाके का अहसास हुआ।