भोपाल. झाबुआ व अलीराजपुर में कुपोषण के शिकार बच्चों की मौतों का सिलसिला जारी है। मप्र सरकार दोनों जिलों की अनदेखी कर रही है। यह आरोप शुक्रवार को महाशक्ति सेवा केंद्र की अध्यक्ष इंदिरा आयंगर व ब्लाक युवक कांग्रेस रानापुर के अध्यक्ष मथियास भूरिया ने पत्रकारवार्ता में लगाया।
श्री भूरिया का आरोप है कि दोनों जिलों के अस्पतालों में बड़ी संख्या में कुपोषण के शिकार बच्चे भर्ती हैं। इनका उचित इलाज नहीं हो रहा है। दवाएं भी नहीं मिलती हैं। अधिकारी कुपोषण के शिकार बच्चों का सर्वे भी नहीं करा रहे हैं। स्वयंसेवी संगठनों के सर्वे में दोनों जिलों के अनेक गांवों में बड़ी संख्या में बच्चे बीमार हैं। अनपढ़ आदिवासी कुपोषण के बारे में अधिक नहीं जानते हैं, जिससे वे बच्चों का इलाज नहीं करा पाते हैं। श्री भूरिया ने अभा कांग्रेस कमेटी के महासचिव व सांसद राहुल गांधी को ज्ञापन भेजकर शिकायत की है।