इंदौर. देश के प्रमुख चित्रकारों के साथ शहर के प्रदीप कनिक के चित्रों की प्रदर्शनी मुंबई में चल रही है। प्रदर्शनी कैंसर पीड़ितों की सहायता के लिए की जा रही है। दर्द में भी चेहरे पर मुस्कान ला देती है रंगों की पिचकारियां। ऐसा लगता है जैसे हर रंग कुछ गुनगुना रहा हो।
रंगों के माध्यम से चेहरे पर ऐसी ही मुस्कान लाने के लिए कैंसर पेशेंट एड एसोसिएशन द्वारा मुंबई की सीमरोजा आर्ट गैलेरी में एक्जीबिशन चल रही है। 22 जून से 5 जुलाई तक कलर्स ऑफ लाइफ विषय पर चलने वाली इस एक्जीबिशन में शहर के चित्रकार प्रदीप कनिक की पेंटिंग्स भी प्रदर्शित की गई हैं। कैंसर पेशेंट एड एसोसिएशन मुंबई में पिछले पांच सालों से कैंसर पीड़ितों की सहायता के लिए काम कर रही है।
कलर्स ऑफ लाइफ एक्जीबिशन में देशभर के करीब 120 चित्रकारों की 200 से अधिक कृतियां कैंसर पीड़ितों की सहायतार्थ बिक्री के लिए प्रदर्शित की गई हैं। 15 दिन तक चलने वाली इस एक्जीबिशन को काफी सराहा जा रहा है। प्रदीप सहित इसमें आनंद पांचाल, अनन्या बैनर्जी, चरण शर्मा, गुरुचरण सिंह, यशवंत शिरवड़कर जैसे विभिन्न आर्टिस्ट शामिल हैं।
प्रदीप कहते हैं यह मेरे लिए भावुक और सुखद अनुभव है क्योंकि यह शो कैंसर मरीजों की सहायता के लिए किया जा रहा है। कला का इससे अच्छा उपयोग नहीं हो सकता है। इससे पीड़ित लोगों के जीवन में रंग भरना सार्थक पहल है। यह एक तरह से कला का सामाजिक सरोकार भी है। सबसे खास बात है इसमें कई प्रसिद्ध चित्रकार एक साथ हिस्सा ले रहे हैं और एक अच्छे काम के लिए एक साथ जुटे हैं।