इंदौर. मानसून की मेहरबानी के बाद नगर निगम को भी जलसंकट से राहत मिली है। शुक्रवार को शहर में चल रहे पानी के टैंकर पर भी चर्चा हुई और निर्णय लिया गया कि अब एक वार्ड में एक टैंकर ही रखा जाए।
निगम अधिकारियों के मुताबिक भीषण गर्मी के समय से अब तक 343 टैंकर चल रहे थे। उन्हें कम करके अब सिर्फ 107 कर दिया गया है। वार्डवार वितरण में एक-एक टैंकर ही प्रत्येक वार्ड के लिए नियत होगा। अतिरिक्त टैंकर सभी वार्डे से बंद किए जा रहे हैं। हालांकि अभी तक इस मसले पर पार्षदों की राय नहीं आई है। इधर गुरुवार रात को हुई बारिश के बाद बिलावली तालाब में जहां 21 फीट वहीं यशवंतसागर में 4 फीट पानी आ चुका है।
निगम द्वारा यशवंतसागर से अब तक बीएसएफ टंकी और कुछ क्षेत्रों में सीधे सप्लाय किया जाता था। शुक्रवार शाम से महाराणा प्रतापनगर और कुम्हारखाड़ी पानी की टंकी को भी इसी तालाब के पानी से भरा जाएगा।