इंदौर. स्कीम 114 में गुरुवार रात चोरों ने एक ट्रांसपोर्टर तथा डीपीएस के डायरेक्टर के यहां धावा बोल दिया। दोनों घरों से बदमाश लाखों के जेवरात व नकदी ले गए। यह राशि दस लाख से ज्यादा बताई जा रही है।
स्कीम 114 पार्ट-1 में रह रहे ट्रांसपोर्टर संदीप पिता बीएम शेखरी मंगलवार को परिवार के साथ गुना में रिश्तेदार की शादी में गए थे। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे पड़ोसियों से चोरी का पता चला। वे ट्रांसपोर्ट के हम्माल घनश्याम को चौकीदारी के लिए घर छोड़ गए थे। वह उनके घर के परिसर में ही बरामदे में पलंग लगाकर सो रहा था। रात करीब 3 बजे चोर दीवार फांदकर आए और घनश्याम के चेहरे पर कपड़ा डालकर उसे पलंग पर ही पड़े रहने के लिए मजबूर कर दिया।
दो बदमाश उसके पास ही खड़े रहे और बाकी दरवाजे का नकूचा तथा सेंट्रल लॉक तोड़कर अंदर घुस गए। उन्होंने अलमारियां तोड़कर माल चुरा लिया। खबर मिलते ही शाम तक श्री शेखरी घर पहुंचे। उन्होंने बताया घर में दो लाख रुपए तथा चार लाख से ज्यादा के गहने रखे थे।
पड़ोसी अशोक विजयवर्गीय ने बताया चोरों के जाने के बाद घनश्याम घंटेभर तक दहशत के मारे पलंग पर ही लेटा रहा फिर पड़ोसी श्री जैन को 4.30 बजे खबर की। उन्होंने लसूड़िया पुलिस को सूचना दी। मौके से एक पाउच व महत्वपूर्ण सुराग लगे हैं। पुलिस ने चौकीदार को भी पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।