लंदन। रोजर फेडरर रिकॉर्ड 15वें ग्रैंडस्लैम से केवल एक जीत दूर हैं। स्विट्जरलैंड के इस स्टार ने शुक्रवार को जर्मनी के टॉमी हास पर 7-6, 7-5, 6-3 से जीत दर्ज करते हुए विंबलडन के पुरुष एकल फाइनल में जगह बना ली। जहां उनका मुकाबला अमेरिका के एंडी रोडिक से होगा।
एंडी रोडिक ने ब्रिटेन के एंडी मरे का विंबलडन जीतने की उम्मीदों को समाप्त कर दिया है। रोडिक ने मरे को सेमीफाइनल में एक कड़े मुकाबले में 6-4, 4-6, 7-6(9-7), 7-6 (7-5) से हराकर फाइनल में स्विस खिलाड़ी रोजर फेडरर से मुकाबला करने की पात्रता प्राप्त कर ली है।
ग्रास कोर्ट के इस ग्रैंडस्लैम में 1922 में चैलेंज राउंड खत्म होने के बाद लगातार सातवीं बार फाइनल में पहुंचने वाले फेडरर पहले खिलाड़ी बन गए हैं। पांच बार के चैंपियन फेडरर यदि रविवार को फाइनल जीत लेते हैं, तो वे महान खिलाड़ी पीट सेम्प्रास के 14 ग्रैंडस्लैम के रिकॉर्ड को तोड़ देंगे।
रविवार को उनका सामना ब्रिटेन के एंडी मरे या अमेरिकी स्टार एंडी रोडिक से होगा, जो दूसरे सेमीफाइनल में भिड़ेंगे। फेडरर को हास की चुनौती ध्वस्त करने में केवल दो घंटे लगे। सेमीफाइनल में उतरने से पहले फेडरर का हास के खिलाफ 9-2 का रिकॉर्ड था। वे 2002 के बाद से हास से हारे नहीं हैं और उन्होंने सेमीफाइनल में भी जर्मन प्रतिद्वंद्वी को हावी नहीं होने दिया।