National
मुंबई में भारी बारिश, हाई टाइड की चेतावनी
भास्कर नेटवर्क Saturday, July 04, 2009 23:15 [IST]  

rainमुंबई/ नई दिल्ली/अहमदाबाद. मुंबई में शनिवार को हुई जोरदार बारिश से महानगर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया। इससे सड़क यातायात और कुछ स्थानों पर लोकल ट्रेनों की आवाजाही पर असर पड़ा। महाराष्ट्र के कुडाल में एक पुल बह जाने से 12 गांवों का संपर्क कट गया है।

राज्य के रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिले में लगातार बारिश और भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं। मुंबई व सिंधुदुर्ग में दो लोग वर्षाजन्य हादसों के शिकार हुए हैं। झारखंड के धनबाद में बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि सिक्किम में पुल ढहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में मुंबई, ठाणो और रायगढ़ जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी दी है। मछुआरों को उफनते समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

मुंबईकर खुश : शनिवार की छुट्टी होने के कारण मुंबईकरों ने बारिश का जमकर लुत्फ उठाया। लगातार बारिश के कारण परेल, लालबाग, माटुंगा, कुर्ला, घाटकोपर और गोरेगांव जैसे क्षेत्रों में पानी भर गया। समुद्र में ज्वार आने की वजह से जलभराव की स्थिति शाम को और विकट हो गई। सेंट्रल रेलवे की मुख्य और हार्बर लाइनों पर पानी भर जाने से अधिकांश लोकल ट्रेनें 30 मिनट तक की देरी से चलीं।

असम में हालात खराब : ऊपरी और निचले असम में ब्रrापुत्र व उसकी सहायक नदियों की बाढ़ से कम से कम एक लाख लोग प्रभावित हुए हैं। राज्य में कई स्थानों पर नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है। निचले असम में बोंगाइगांव, धुबरी और बक्सा के करीब 50 गांव बाढ़ में डूबे हैं। लखीमपुर, जोरहाट और धेमाजी में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं। मौसम विभाग ने राज्य में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।

पश्चिमोत्तर में गर्मी : पिछले कुछ दिनों से बारिश न होने से पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और राजधानी दिल्ली समेत समूचे पश्चिमोत्तर भारत में तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा है। राजस्थान के बाड़मेर में सबसे ज्यादा 42.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि जैसलमेर में यह 41.2 डिग्री रहा। हरियाणा के हिसार में पारा 41 डिग्री पर रहा।

गुजरात पर बादल मेहरबान : गुजरात के कई हिस्सों में शनिवार को भी बादल मेहरबान रहे। वलसाड में पिछले चौबीस घंटे के दौरान पांच सेमी बारिश हुई। दाहोद, भरुच, अंकलेश्वर, जूनागढ़, जामनगर व अमरेली के कई हिस्सों में भी बारिश रिकार्ड की गई।

Bookmark and Share


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: