National
‘मेडल के लिए पुलिस ने मेरे बेटे को मारा’
एजेंसी Sunday, July 05, 2009 00:13 [IST]  

देहरादून. उत्तराखंड पुलिस के हाथों मारे गए उत्तरप्रदेश के युवक के माता-पिता ने पुलिस पर मेडल के लिए उनके बेटे को मारने का आरोप लगाया है। शुक्रवार को राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील की यात्रा के मौके पर यहां हो रही चेकिंग के दौरान भाग निकले तीन युवकों में से गाजियाबाद का एमबीए पास युवक रणवीर सिंह (22) पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था। घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं। बेटे की मौत की सूचना पर शनिवार को देहरादून पहुंचे रणवीर के माता-पिता ने दून अस्पताल में हंगामा मचा दिया। रणवीर के पिता व पूर्व सैन्यकर्मी रविंद्र सिंह ने कहा, ‘मेरा बेटा निर्दोष था और उसकी कोई भी आपराधिक पृष्ठभूमि नहीं है। पुलिस ने उसे केवल मैडल हासिल करने के लिए मारा है।’

5 जुलाई से नौकरी ज्वाइन करनी थी

गाजियाबाद में इंदिरापुरम के रहने वाले रणवीर ने हाल में मेरठ यूनिवर्सिटी से एमबीए पूरा किया था और कैंपस सिलेक्शन में कोटक महिंद्रा में नौकरी भी मिल गई थी। रणवीर के परिजनों के मुताबिक, उसे पांच जुलाई से नौकरी ज्वाइन करनी थी।

उत्तराखंड के आईजी एनए गणपति ने कहा, ‘दालानवाला इलाके के सब इंस्पेक्टर जीडी भट्ट ने तीन लड़कों को रोककर उनके बैग की तलाशी ली तो उसमें एक हथियार मिला, लेकिन ये लड़के भट्ट का रिवाल्वर छीन कर भाग निकले। भट्ट की सूचना पर लड़कों को एक अन्य स्थान पर रोका गया, जहां मुठभेड़ में रणवीर की मौत हो गई।’ अन्य दो लड़के भागने में सफल रहे। पुलिस का दावा है कि जिस मोटरसाइकिल पर रणवीर सवार था वह हरियाणा से चुराई गई थी।

Bookmark and Share


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: