भोपाल. लंबे इंतजार के बाद शनिवार को शहरवासियों ने तेज बारिश का नजारा देखा। नए शहर में दोपहर ढाई बजे से साढ़े तीन बजे के बीच 18.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। करीब एक घंटे तक हुई बारिश ने एमपी नगर जोन एक-दो, अरेरा कॉलोनी, न्यू मार्केट, भेल, अशोका गार्डन सहित शहर के आधे से अधिक भाग को तरबतर कर दिया। पुराने शहर पर बादल मेहरबान नहीं हुए।
शनिवार को सामान्य से एक डिग्री अधिक 34 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच दोपहर दो बजे से ही आसमान में काले बादलों का घेरा बढ़ने लगा था। महज आधे घंटे बाद हल्की बूंदाबांदी से शुरू हुई बारिश जल्द ही तेज बौछारों में बदल गई। देखते ही देखते सड़कें और नालियां पानी से भर गई और राहगीर भीग गए। जो जहां था वह वहीं खड़ा हो गया। अचानक आई बारिश ने किसी को संभलने का मौका नहीं दिया। तेज हवा के साथ गिरी बौछारों ने गुमटी या अन्य छोटे छायादार स्थानों के नीचे खड़े लोगों को भिगो दिया। शनिवार शाम साढ़े पांच बजे तक शहर की कुल बारिश का आंकड़ा 171.6 मिलीमीटर हो चुका है।
तेज बारिश से नए शहर में लोगों को परेशान भी होना पड़ा। अरेरा कॉलोनी में ई-2, छह नंबर, इंद्रपुरी, पिपलानी क्षेत्र में सड़क का पानी घरों में घुसने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। तेज पानी की वजह से सुभाषनगर रेलवे अंडरब्रिज की सड़क के गड्डे भी परेशानी का सबब बने। यहां गड्डों में भरी मिट्टी सड़क पर फैलने से फिसलन बढ़ गई, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी उठाना पड़ी। साऊथ टीटी नगर कर्मचारी क्वार्टर क्षेत्र में सड़क पर पेड़ गिरने से लोगों को आवाजाही में दिक्कत आई।
शनिवार को राजधानी के साथ बारिश ने अजब खेल खेला। नए शहर में जहां जोरदार बारिश हो रही थी वहीं पुराने शहर में सूरज खिला हुआ था। हालांकि कुछ समय बाद वहां भी काले बादलों ने डेरा डाला, लेकिन बारिश नहीं हुई। गौरतलब है कि मानसून की सूखी आमद के बाद से ही शहरवासी तेज बारिश का इंतजार कर रहे हैं। शनिवार को आधे शहर में तेज बारिश से लोगों की उम्मीदें बढ़ी हैं। मप्र मौसम विज्ञान केंद्र गुजरात और झारखंड पर बने चक्रवात को देखते हुए आगामी 24 घंटों के दौरान शहर में गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश की उम्मीद जता रहा है।