चंडीगढ़. सुखना लेक के पीछे का फॉरेस्ट एरिया पूरी तरह से एंडवेंचर जोन बनने जा रहा है। आल टेरेन व्हीकल (एटीवी) पर ऊबड़-खाबड़ रास्ते का सफर तो यहां शुरू हो ही चुका है। जल्द ही जॉर्बिग, बंजी जंपिंग, ट्रेम्पोलिन, ग्लाइडिंग और पैराशूट राइड जैसे रोमांचक खेलों का लुत्फ उठाने का मौका भी मिलेगा।
सुखना के पीछे एटीवी राइड एक हफ्ता पहले ही शुरू हुई है। इसके लिए सुखना लेक के पीछे गुरुद्वारा गुरसागर साहिब के साथ लगते फॉरेस्ट एरिया में ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर खासतौर पर ट्रैक तैयार किया गया है। एटीवी छोटी-मोटी पहाड़ियों पर आसानी से चढ़ जाता है। यह व्हीकल खासतौर पर जापान से मंगाया गया है। इसकी कीमत दो लाख रुपये के आसपास है।
एडवेंचर जोन की यह कोशिश है इथीरियस क्लब की। क्लब के डायरेक्टर दिलमीत को कनाडा से एमबीए करने के दौरान चंडीगढ़ में ऐसी एडवेंचर एक्टिविटीज शुरू करने का विचार आया। बकौल दिलमीत, शहर को हैपनिंग प्लेस बनाने के लिए ही मैंने एडवेंचर गेम्स शुरू करने की पहल की है। इसके जरिये कोशिश है चंडीगढ़ को इंटरनेशनल टूरिज्म मैप पर लाने की।
दिलमीत सिंह ने बताया जॉर्बिग में लोगों को प्लास्टिक की ट्रांसपेरेंट बॉल में डालकर छोड़ दिया जाता है। इसे धक्का देने पर बॉल इधर-उधर घूमती रहती है। इसके अंदर व्यक्ति खूब एन्जॉय करता है। दिलमीत ने बताया कि ग्लाइडिंग और पैराशूट राइड के लिए प्रशासन और सेना से अनुमति मिल चुकी है, जबकि चंडीगढ़ पुलिस की अनुमति का इंतजार है। पैराशूट राइड के दौरान लोग सकेतड़ी मंदिर, पंजाब एंड हरियाणा असेंबली हॉल, हाईकोर्ट, रोज गार्डन के साथ ही कालका, कसौली की पहाड़ियों का नजारा ले सकेंगे।