Chandigarh
मर्सिडीज को बीएमडब्ल्यू ने पछाड़ा
गुलशन कुमार Sunday, July 05, 2009 03:38 [IST]  

BMWचंडीगढ़. अप्रैल-मई 2009 में मर्सिडीज इंडिया ने 371 लग्जरी कारें बेची जबकि बीएमडब्ल्यू ने इन दो महीनों में 466 कारें बेच डाली। वहीं मर्सिडीज की हमवतन ऑडी ने भी अपना आंकड़ा इन दो महीनों में 233 कारों तक पहुंचा दिया।

पंजाब और चंडीगढ़ में लग्जरी कारों के बाजार में भी मर्सिडीज लगातार पीछे हो रही है जबकि ऑडी और बीएमडब्ल्यू लगातार बाजार पर कब्जा बढ़ाती जा रही हैं। पंजाब और चंडीगढ़ के बाजार में 20 से 70 लाख कीमत वाली लग्जरी कारों की बिक्री मुंबई और दिल्ली के बाद तीसरे नंबर पर होती है।

शुरुआत में लग्जरी कार बाजार में दोनों जर्मन कंपनियां मर्सिडीज और ऑडी भिड़ी हुई थी लेकिन तीसरी जर्मन लग्जरी कार कंपनी बीएमडब्ल्यू भी न सिर्फ इस जंग में कूदी बल्कि अपना जलवा भी कायम कर लिया। हालांकि मर्सिडीज के प्रबंधकों का कहना है कि इन दोनों कंपनियों ने भारी भरकम छूट और दामों में कमी कर बिक्री बढ़ाई है। वोक्सवैगन भी इस बाजार में तेजी से कदम बढ़ा रही है।

ऑडी ने अकेले जून, 2009 में ही 204 कारों की बिक्री कर मर्सिडीज और बीएमडब्ल्यू के लिए संकट पैदा कर दिया है। इनमें से 50 से अधिक कारें पंजाब और चंडीगढ़ में ही बिकी हैं। इससे इसकी यहां बढ़ रही दीवानगी का पता चलता है। पिछले साल जून में ऑडी कुल 77 कारें ही बेच पाया था।

ऑडी इंडिया के एमडी बेनॉयट टियर्स के अनुसार मंदी के दौर में भी ऑडी की बिक्री 165 फीसदी अधिक दर्ज की गई है, ऐसे में ऑडी की बढ़ती लोकप्रियता और बढ़ती बाजार हिस्सेदारी का अंदाजा लगाया जा सकता है। वर्ष 2009 के पहले छह माह में ऑडी ने 821 कारों की बिक्री की है और इसमें से 250 कारें पंजाब और चंडीगढ़ में बिकी हैं।

पिछले साल ऑडी ने इस दौरान 480 कारें ही बेची थी। दो साल पहले तक यह आंकड़ा मर्सिडीज का होता था। एक-डेढ़ साल में ही ऑडी ने भारत में अपने सात मॉडल लॉन्च कर दिए हैं। ऑडी क्यू5 और ऑडी ए6 भी काफी पसंद किए जा रहे हैं। ऑडी ने अपना डीलर नेटवर्क भी बढ़ा कर 11 तक कर लिया है और इस साल में ऑडी अपना डीलर नेटवर्क 20 तक करने की योजना पर काम कर रही है।

वहीं बीएमडब्ल्यू भी अपना डीलर नेटवर्क इसी साल में 20 तक पहुंचाने का लक्ष्य तय कर चुकी है। बीएमडब्ल्यू इस साल में चार नए मॉडल भी लॉन्च करने की तैयारी में है। जबकि मर्सिडीज का नेटवर्क इन दोनों से काफी बड़ा है। मर्सिडीज भी तेजी से अपने खिसकते बाजार को फिर से जमाने की कोशिश में है।

चंडीगढ़ और लुधियाना पर नजर

एक अकेले शहर में सबसे अधिक मर्सिडीज होने का गौरव लुधियाना को हासिल है। इससे पंजाब और चंडीगढ़ सभी लग्जरी कार निर्माता कंपनियों की नजर में है। कोई भी नया मॉडल मुंबई और दिल्ली के बाद सीधे चंडीगढ़ और लुधियाना में ही लॉन्च किया जाता है।

टाटा भी जगुआर और लैंड रोवर के साथ आया

65 लाख से लेकर 92 लाख रुपए कीमत की जगुआर और लैंड रोवर के साथ टाटा मोटर्स ने भी पंजाब और चंडीगढ़ के बाजार पर फोकस किया है। मुंबई और दिल्ली के बाद टाटा मोटर्स इस बाजार में संभावित ग्राहकों को टटोल रहा है।

Bookmark and Share


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: