आज थिएटर्स में चार फिल्मों की चाट न्यूयॉर्क हिट होने और कम्बख्त इश्क के प्रारंभिक तगड़े व्यवसाय ने फिल्म थिएटर्स में रौनक ला दी है। आज मार्निग वॉक, शार्ट कट, संकट सिटी और ट्रांसफामर्स-2 प्रदर्शित हो रही है।
न्यूयॉर्क जहां हिट फिल्मों की जमात में शामिल हो गई है वहीं कम्बख्त इश्क ने शुरुआती दौर में अच्छा पैसा बटोरा। अक्षय कुमार की इस फिल्म का बजट इतना तगड़ा है कि छोटी सी सफलता से पैसा वसूल नहीं होगा। खैर आज बॉक्स आफिस फिर गुलजार होगा, चारों फिल्में दर्शक बटोरने की क्षमता रखती हैं।
शार्ट कट कॉमेडी क्राइम ड्रामा है, संकट सिटी एक कार चोर की कहानी है, मार्निग वॉक मानवीय रिश्तों को बयान करती है और ट्रांसफामर्स-2 एक्शन साइंस फिक्शन। इन चारों में से कौन परचम लहरा पाएगा, इसका फैसला तो दर्शकों के हाथों में होगा।
मार्निग वॉक
निर्देशक- अरूप दत्ता।
स्टार कॉस्ट- अनुपम खेर, शर्मिला टैगोर, रजित कपूर, दिव्या दत्ता, श्यान मुंशी, अविका गौर
हार्ट अटैक के बाद तन्हा रह रहे जोयमोहन को मार्निग वॉक पर जाते समय अहसास होता है कि उसे ज्यादा समय अपने बेटे और पोते के साथ बिताना चाहिए। आखिर क्या होता है मार्निग वॉक पर इस राज को जानने के लिए मार्निग वॉक देखिए।
संकट सिटी
निर्देशक- पंकज आडवाणी
स्टार कॉस्ट- अनुपम खेर, के.के. मेनन, रिमी सेन, चंकी पांडे, राहुल देव और यशपाल शर्मा
एक कार चोर गुरू, जो छोटी-मोटी चोरियों से काम चलाता है। एक दिन चुराई हुई कार में उसे एक करोड़ रुपए मिलते हैं। गुरु और उसके साथी गणपत को पता नहीं है कि वे रुपए कुख्यात गैंगस्टर फौजदार के हैं।
शार्ट कट-द कॉन इज ऑन
निर्देशक- नीरज वोरा/रोशन एंड्रुज
स्टार कॉस्ट- अक्षय खन्ना, अरशद वारसी, अमृता राव, सिमी गरेवाल, चंकी पांडे
राजू और शेखर फिल्मी दुनिया का सितारा बनने के लिए तरह-तरह की तरकीबें लड़ाते हैं। एक स्क्रिप्ट चोरी होने के बाद स्टारडम में उनकी किस्मत कैसे गुल खिलाती है यही शार्ट कट की कहानी का सार है। संजय दत्त और अनिल कपूर मेहमान कलाकार की भूमिका में हैं।
द ट्रांसफामर्स-रिवेंज ऑफ द फॉलेन
निर्देशक- माइकल बे
स्टार कॉस्ट- शीला लाबिअफ, मेगन फॉक्स, जोश डुहामल
पिछली फिल्म में अंतरिक्ष से आई दो रोबोटिक सभ्यताओं की भिड़ंत देखने को मिली थी। मेगाट्रान शिकस्त खाने के बाद दोगुनी ताकत से पृथ्वी पर लौटते हैं और उनके दुश्मन स्टारस्कीम को अब बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा। धरती पर हो रही दूसरी रोमांचक जंग में दर्शकों का जबरदस्त जमावड़ा लगेगा।