भोपाल. सावन की शुरुआत में अच्छी बारिश की आस बंधाकर बादल फिर रूठ गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार अब दोबारा अच्छी बारिश के लिए शहर के लोगों को कम से कम 4-5 दिन और इंतजार करना होगा। इस बीच यदि बरसात होती है तो वह स्थानीय जलवायु के प्रभाव से ही हो सकती है।
पिछले हफ्ते प्रदेश पर कम दबाव का क्षेत्र बनने से बीते बुधवार को राजधानी में जोरदार बारिश हुई थी। मौसम विभाग ने उसके बाद के 2-3 दिनों में भी अच्छी बारिश की भविष्यवाणी की थी लेकिन पिछले तीन दिनों में शहर में मात्र तीन मिमी बारिश ही हुई है।
मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पिछले हफ्ते जो कम दबाव का क्षेत्र प्रदेश में बना था वह गुजरात और राजस्थान की ओर निकल गया है। अब 15 से 16 तारीख के बीच ही बंगाल की खाड़ी से एक कम वायुदाब क्षेत्र के प्रदेश की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके बाद एक बार फिर बारिश शुरू होगी।