Bhopal
सुबह सवा छह बजे तक सोती है रेहाना
Bhaskar Correspondent Sunday, July 12, 2009 01:41 [IST]  

भोपाल. वन विहार में मौजूद वयोवृद्ध शेरनी रेहाना सुबह सवा छह बजे तक सोती रहती है, जबकि अन्य शेर साढ़े पांच बजे अपने कक्ष से बाहर निकल आते हैं। इसी तरह बाघिन शिवानी को छोड़ कर बाकी सभी बाघ साढ़े पांच बजे सुबह टहलने निकल जाते हैं। वन विहार के कर्मचारियों ने भी यह सब शनिवार को पहली बार देखा। दरअसल, 22 जुलाई को होने वाले पूर्ण सूर्यग्रहण के दौरान वन विहार प्रबंधन जानवरों के व्यवहार में आने वाले परिवर्तन का अध्ययन करना चाहता है।

अध्ययन से पहले उनके सामान्य व्यवहार की जानकारियां जुटाई जाएंगी। इसके लिए वन विहार के 22 कर्मचारी 15 जुलाई से 21 जुलाई तक जानवरों के सामान्य व्यवहार का अध्ययन करेंगे। इस अध्ययन के लिए उन्हें शनिवार को प्रशिक्षण दिया गया। वन विहार के सहायक संचालक एके खरे के अनुसार सूर्य ग्रहण और अन्य प्राकृतिक घटनाओं के पूर्व और उसके दौरान जानवरों के बदलते व्यवहार को लेकर कई मान्यताएं हैं।

360 साल बाद पूर्ण सूर्यग्रहण हो रहा है और अगला पूर्ण सूर्य ग्रहण भी लगभग इतने ही साल बाद होगा। इस सूर्य ग्रहण को वन विहार एक मौके के रूप में देख रहा है। ग्रहण का समय सुबह 5:30 बजे से 7:30 बजे तक रहने वाला है, इसी दौरान जानवरों के व्यवहार में आने वाले परिवर्तन का अध्ययन किया जाएगा। इसके लिए ग्रहण से पहले एक सप्ताह तक उनके सामान्य व्यवहार का अध्ययन किया जाएगा। सामान्य व्यवहार की जानकारी होने पर ही परिवर्तन को समझा जा सकता है।

Bookmark and Share


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: