वाशिंगटन। भगवान के आगे किसी का जोड़ नहीं चलता। नासा के मामले में भी यही बात सच साबित होती लग रही है। नासा का इनडेवर अंतरिक्ष यान केप कैनिडी स्पेस सेंटर के लांच पैड से लांच होने के लिए तैयार है, परंतु खराब मौसम के कारण इसके लांच में लगातार देरी हो रही है। स्पेस सेंटर के आसपास के क्षेत्र का मौसम बेहद खराब है और यहां बार-बार बिजली भी गिर रही है। लांच पैड के आधे मिल के क्षेत्र में ही नौ बिजली गिरने की पुष्टि हुई है।
अंतरिक्ष यान के लांच से पहले लांच पैड के करीब बिजली गिरने की घटना को नासा के वैज्ञानिक बहुत गंभीरता से ले रहे हैं। नासा के प्रवक्ता जॉर्ज डियर का कहना है कि जब भी लांच पैड के एक मील के अंदर बिजली गिरती है तो हम अंतरिक्ष यान में हो सकने वाले किसी गड़बड़ी की जांच करते हैं। अंतरिक्ष यान की सुरक्षा के लिए यह जांच बहुत जरूरी होता है। इस बार भी अंतरिक्षयान के इलेक्ट्रिक सिस्टम व अन्य सिस्टम की जांच नासा के इंजीनियर करेंगे। वे देखेंगे की इन बिजलियों के गिरने के कारण शटल को कोई नुकसान तो नहीं हुआ है।