भोपाल. बड़े तालाब में तीन दिन में तीन फीट जलस्तर बढ़ गया, लेकिन रोजाना जलप्रदाय शुरू होने के लिए अभी 13 फीट पानी की और जरूरत है। इसके लिए भोपाल और सीहोर में भरपूर बारिश की जरूरत है। सीहोर जिले में पिछले सप्ताह हुई बारिश से बड़े तालाब का जलस्तर 1646.45 फीट से बढ़ कर 1649.50 पर आ गया। इसके बावजूद अभी तालाब में न्यूनतम जलस्तर (1652 फीट) से भी ढाई फीट पानी कम है।
निगम अधिकारियों के अनुसार आम तौर पर बड़े तालाब में दस महीने का पानी स्टोर किया जाता था। 1662 फीट का जलस्तर होने पर जून तक जलप्रदाय हो जाता था। तालाब का जलस्तर न्यूनतम तक पहुंचने से पहले मानसून आ जाता था और बारिश के भरोसे जुलाई-अगस्त निकल जाते थे। अगस्त तक तालाब फिर 1662 फीट या उससे अधिक भर जाता था। आमतौर पर जुलाई के महीने में तालाब का जलस्तर 1655 फीट के आसपास होता था।
अब स्थितियां बदलती नजर आ रही हैं। अधिक बारिश वाले साल 2006 में भी जून में पर्याप्त बारिश नहीं हुई थी। यही स्थिति 2007, 08 और 09 में भी बनी। जलकार्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार अब बड़ा तालाब जलप्रदाय का एक भरोसेमंद स्रोत नहीं रहा। नगर निगम के जलकार्य यंत्री सुनील श्रीवास्तव के अनुसार दस महीने की बजाय 14-15 महीने का पानी जमा होने पर ही यहां से रोजाना जलप्रदाय के बारे में विचार किया जाना जाएगा। यानी जब तक तालाब लबालब न हो एक दिन छोड़ कर ही जलप्रदाय होगा। नगर निगम के जलकार्य यंत्री सुनील श्रीवास्तव के अनुसार 1662 फीट जलस्तर आने के बाद ही नगर निगम रोजाना जलप्रदाय के बारे में विचार करेगा।
कैचमेंट एरिया में चाहिए 48 इंच बारिश
बड़े तालाब को अपने उच्चतम स्तर (1666.80 फीट) तक पहुंचने के लिए 17.16 फीट पानी की और जरुरत है। इसके लिए तालाब के कैचमेंट एरिया 48 इंच बारिश की दरकार बताई जा रही है। बड़े तालाब के जलस्तर का बढ़ना काफी हद तक सीहोर जिले की बारिश के आंकड़े पर निर्भर करता है। तालाब का 70 प्रतिशत कैचमेंट एरिया सीहोर जिले में है।
जल संसाधन विभाग के रिटायर्ड प्रमुख अभियंता एके द्विवेदी के अनुसार कैचमेंट सीहोर और भोपाल दोनों ही जगहों पर बारिश का औसत 1200 मिमी है। अब तक का अनुभव बताता है कि जब तक सामान्य बारिश न हो तालाब पूरा नहीं भरता। सीहोर में अभी तक कुल बारिश 134 मिमी (सवा पांच इंच) ही हुई है। यह सामान्य से करीब 66 मिलीमीटर कम है।
राजधानी की बात करें तो यहां भी अभी तक सामान्य से करीब 59 मिलीमीटर कम 205 मिलीमीटर बारिश ही हुई है। वर्ष 2007 में अच्छी बारिश के चलते 21 अगस्त तक तालाब में 1661 फीट पानी आ गया था जबकि अल्पवर्षा के चलते 2008 में 21 अगस्त तक तालाब का जलस्तर 1652 फीट तक ही पहुंच पाया था। आमतौर पर अगस्त के अंतिम दिनों में तालाब अपने उच्चतम जलस्तर के करीब पहुंच जाता है।