नई दिल्ली. दो साल के इंतजार के बाद आई हैरी पॉटर की फिल्म को देखने के लिए उनके दीवाने फिर सिनेमाघरों में उमड़ पड़े हैं। हैरी पॉटर सीरीज की छठी फिल्म ‘हैरी पॉटर एंड द हाफ ब्लड प्रिंस’ में हैरी सहित किशोर जादूगरों के बीच मोहब्बत जवान होते हुए दिखाई गई है। भारत के सिनेमाघरों में गुरुवार को वार्नर ब्रदर्स की यह फिल्म प्रदर्शन के लिए रिलीज हुई। इसमें हैरी और दुष्ट जादूगर लॉर्ड वोल्डरमोर्ट के बीच अंतिम मुकाबला भी दिखाया गया है।
हॉगवर्ट्स स्कूल ऑफ मैजिक के हैडमास्टर एल्बस डम्बलडोर, लार्ड वोल्डरमोर्ट के साथ हैरी को अंतिम मुकाबले के लिए तैयार करते हैं। तमाम खतरों के बीच इन जादूगरों के बीच प्यार पनपता है। हैरी के दिल में गिनी के लिए प्यार है। वहीं रोन के प्रति लेवेंडर ब्राउन का आकर्षण हरमाइनी के मन में ईष्र्या पैदा करता है। कई समीक्षकों का मानना है कि इनके बीच का रोमांस इस उम्र में असल जिंदगी में होने वाले रोमांस की तुलना में कहीं अधिक मासूमियत भरा है।
हैरी पॉटर सीरीज की पिछली फिल्म दो साल पूर्व ‘हैरी पॉटर एंड द ऑर्डर ऑफ द फीनिक्स’ आई थी। इसी समय हैरी पॉटर का चरित्र रचने वाली ब्रिटिश लेखिका जेके रोलिंग्स की सातवीं और अंतिम किताब ‘हैरी पॉटर एंड द डेथली हैलोज’ आई थी। उस समय दुनिया भर में हैरी पॉटर को लेकर जबर्दस्त दीवानगी देखी गई थी।
थ्री-डी वर्जन का प्रीमियर
अमेरिका और यूरोप से तीन सप्ताह पहले ही ‘हैरी पॉटर एंड द हाफ ब्लड प्रिंस’ फिल्म के थ्री-डी वर्जन का प्रीमियर शो भारत सहित एशिया के विभिन्न देशों में किया गया है।
हैरी पॉटर का जादू
- हैरी पॉटर का जादुई संसार सात उपन्यासों में समाया है। इनकी विश्वभर में 40 करोड़ प्रतियां बिक चुकी हैं।
- पहला उपन्यास हैरी पॉटर एंड द फिलॉसाफर्स स्टोन 1997 में आया था।
- 2007 तक रिलीज हुई हैरी पॉटर सीरीज की पांच फिल्मों ने जेम्स बांड सीरीज की 22 फिल्मों को आय के मामले में पीछे छोड़ा दिया था।
- इन पांच फिल्मों ने विश्वभर में करीब 4.45 अरब डॉलर की कमाई की जबकि 1962 से शुरू हुई जेम्स बांड सीरीज ने 4.47 अरब डॉलर कमाए थे।
- छठी फिल्म से 80 करोड़ से 1 एक अरब डॉलर कमाई की उम्मीद है।
उपन्यास और फिल्में
- हैरी पॉटर एंड द फिलॉसफर्स स्टोन (1997, इसी नाम से 2001 में फिल्म)
- हैरी पॉटर एंड द चेंबर ऑफ सीक्रेट्स (1998, इसी नाम से 2002 में फिल्म)
- हैरी पॉटर एंड द प्रिजनर ऑफ अज्काबान (1999, इसी नाम से फिल्म 2004 में)
- हैरी पॉटर एंड द गोबलेट ऑफ फायर (2000, इसी नाम से फिन्म 2005 में)
- हैरी पॉटर एंड द आर्डर ऑफ द फीनिक्स (2003, इसी नाम से बनी फिल्म 2007 में)
- हैरी पॉटर एंड द हॉफ-ब्लड प्रिंस (2005, इसी नाम से फिल्म 2009 में)
- हैरी पॉटर एंड द डेथली हैलोज (2007)
पहली बिलियनेयर लेखिका
हैरी पॉटर सीरिज की किताबें लिखने वाली ब्रिटिश लेखिका जेके रोलिंग अपनी किताबों के साथ ही फर्श से अर्श पर पहुंचने की अपनी कहानी के लिए भी चर्चित हैं। फोब्र्स पत्रिका ने उन्हें पहली बिलियनेयर लेखिका माना है। नवंबर 1993 में पुर्तगाली पति से तलाक के बाद सरकारी मदद पर जी रहीं रोलिंग की जिंदगी को हैरी पॉटर ने बदलकर रख दिया।