भोपाल. शहर के कई इलाकों में मुख्य सड़क के दोनों किनारों पर राखियों की अस्थाई दुकानें सज गई हैं। राखी खरीदने वालों की वजह से अक्सर सड़क पर जाम की स्थिति बन जाती है। यही नहीं महिलाओं के साथ आने वाले बच्चे सड़क पर इधर-उधर भागते रहते हैं जिससे बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
शहर के विभिन्न क्षेत्रों में हर साल राखी की दुकानें लग जाती हैं। कुछ ही समय के लिए ही सही दुकानदारों द्वारा सड़क पर अतिक्रमण कर लिया जाता है। इस अतिक्रमण को लेकर प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं करता।
सड़क के दोनों ओर लगने वाली इन दुकानों से राहगीरों को कई तरह की परेशानी का सामना करना पड़ता है। राखियां खरीदते समय लोग अपनी गाड़ियां दुकान के सामने खड़ी कर देते हैं जिससे राहगीरों को वहां से निकलने में परेशानी होती है। अस्थाई दुकानें आवंटित करते समय इस बात का ख्याल रखा जाना चाहिए कि ये दुकानें खुले मैदान या गार्डन के आसपास व मुख्य सड़क से दूर हों।
- राधा वर्मा (भोपाल)